खाजूवाला-दंतौर सड़क मार्ग पर 21 केजेडी फांटा के पास एक निजी बस की लापरवाही से बड़ा सड़क हादसा हो गया। ओवरटेक कर रही प्राइवेट बस ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी और बाइक को करीब 150 मीटर दूर तक धकेलती हुई ले गई। हादसे में दंतौर निवासी बबलू बाजीगर और उनकी पत्नी सुमित्रा देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बीकानेर के लिए रेफर किया गया है। हादसा इतना खतरनाक था कि बस में सवार करीब 50 से अधिक यात्री भी बाल-बाल बच गए। दरअसल, बस भी पलट सकती थी, जो नहीं पलटी। टक्कर के बाद बस चालक ने वाहन रोकने के बजाय बस को और आगे तक भगाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद घायल सड़क पर तड़पते रहे, लेकिन मौके पर मौजूद लोग मूकदर्शक बने खड़े रहे। इसी बीच खाजूवाला पुलिस ने मानवीय पहल दिखाते हुए घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही पुलिस थाना खाजूवाला से एएसआई श्रवण कुमार, हेड कांस्टेबल धारासिंह मीणा और हेड कांस्टेबल खींयाराम जाट मौके पर पहुंचे। वहीं कांस्टेबल राजूपाल, प्रेमकुमार, चालक प्रेमचंद, रामकुमार और 112 गाड़ी के चालक रामस्वरूप ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। घटना की जानकारी मिलने के बाद खाजूवाला थानाधिकारी सुरेंद्र कुमार प्रजापत भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने निजी बस और क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल को थाने में खड़ा करवा दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। कंटेंट : इस्माइल खान, खाजूवाला


