हरदा में 18 वर्षीय युवक पर चाकू से हमला:फोन कर बुलाया था; बकरी के लिए पत्ती लेने जाते समय मारपीट

हरदा के टिमरनी थाना क्षेत्र के ग्राम चारखेड़ा में सोमवार दोपहर एक युवक पर कुछ लोगों ने चाकू से हमला कर दिया और मारपीट की। घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम चारखेड़ा के टीटी नगर निवासी 18 वर्षीय रेहान पिता बसीर खान पर चाकू से हमला किया गया है। उसके पेट में चार टांके लगे हैं। रेहान ने पुलिस को बताया कि वह अपने खेत सिराली पर था, तभी सत्यम नामक एक युवक ने उसे फोन कर गांव आने के लिए कहा। इसके बाद रेहान अपने भाई के साथ दो बाइकों से बकरी के लिए पत्ती लेने जा रहा था। इस दौरान उसके घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर रेलवे लाइन के उस पार टिन्नी, सत्यम, शुभम और एक अन्य युवक ने उसे रोककर मारपीट की और घायल कर दिया। किसी बात को लेकर पहले से झगड़ा था
घायल युवक का आरोप है कि उसे बिना किसी वजह के दोपहर एक बजे के आसपास रेलवे लाइन के उस पार बन रही पुलिया के पास लगे जामुन के पेड़ के पास हमला किया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि घायल युवक अपने कुछ साथियों के साथ गांव के ही कुछ युवकों से किसी बात को लेकर झगड़ा कर रहा था, और इसी झूमाझटकी में उसे चाकू लग गया। इस मामले को लेकर टिमरनी थाना टीआई मुकेश गौड़ ने बताया कि गांव के युवकों में पुराने विवाद को लेकर मारपीट हुई है, जिसमें एक युवक को चाकू लगा है। पुलिस मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *