बीकानेर फेस्टिवल के जुटे शहर के टायकून:देश और दुनिया के लोगों को बीकानेर में बुलाने की तैयारी, पहले दौर की चर्चा हुई

स्वीट्जरलैंड के देवास में होने वाला वर्ल्ड इकोनोमिक फॉर्म, जयपुर के जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल और कोच्ची में होने वाला “कोच्ची फिनाले” की तरह बीकानेर में भी एक बड़े आयोजन की रूपरेखा तैयार की जा रही है। ये आयोजन सरकार नहीं बल्कि बीकानेर के बिजनेस टायकून मिलकर करेंगे। बीकानेर के प्रमुख लोगों के साथ पहले चरण की बातचीत हो गई है। अगले कुछ महीनों में इसकी तारीख की घोषणा की जाएगी, जिससे पहले सरकारी और गैर सरकारी संस्थाओं को जोड़ने का प्रयास होगा। बीकानेर के “ऑवर फॉर नेशन” संस्था के प्रयास से लालगढ़ पैलेस में पहले दौर की मीटिंग में आयोजन पर कई बड़ी व्यावसायिक हस्तियों ने सकारात्मक रुझान दिखाया है। रविवार की रात लालगढ़ पैलेस में आयोजित इस “संवाद” कार्यक्रम में डिजाइन प्रोफेशनल सुधीर शर्मा ने बताया कि बीकानेर फेस्टिवल का आयोजन किया जा सकता है। जिसमें बीकानेर की संस्कृति, व्यापारिक क्षमताओं के साथ ही स्थानीय लोगों के हुनर को स्थान देने का प्रयास किया जाएगा। आयोजन की तारीख अभी तय नहीं है लेकिन स्थानीय लोगों से कुछ चरणों की बातचीत के बाद तारीख तय होगी। शर्मा ने बताया कि वर्ल्ड इकोनोमिक फॉर्म, जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल और कोच्ची फिनाले का मिश्रण बीकानेर फेस्टिवल होगा। शर्मा ने बताया कि इसका ग्राउंड वर्क करने में करीब तीन साल लग सकते हैं। स्थानीय व्यापारियों ने इसे सपोर्ट करने का आश्वासन दिया है। जल्दी ही इसमें सरकार और गैर सरकारी संस्थाओं को जोड़ने का प्रयास होगा। पहले साल पचास हजार लोग आएंगे शर्मा ने बताया कि पहले बीकानेर फेस्टिवल में तीस हजार लोगों को बीकानेर में लाने का प्रयास किया जाएगा। दूसरे और तीसरे आयोजन में एक लाख से ज्यादा लोगों को बीकानेर लाया जाएगा। हर साल एक ही तारीख होगी, ताकि लोग अपने टिकट बुक कर लें। तब तक बीकानेर के होटल्स स्वयं को तैयार करें। सुनहरे भविष्य की कल्पना है बीकानेर में भुजिया व्यवसायी आशीष अग्रवाल का कहना है कि बीकानेर फेस्टिवल में सिर्फ लिटरेचर की बात नहीं करेंगे, बल्कि इंडस्ट्री पर चर्चा करेंगे। एनर्जी, मिनरल्स और फूड के क्षेत्र में बीकानेर बहुत कुछ कर रहा है। हम तीनों ही क्षेत्रों में आगे हैं। हम चाहते हैं कि दुनियाभर के उद्यमी बीकानेर आएं और यहां पर अपने प्लांट्स के लिए संभावनाएं जताएं। “ऑवर फॉर नेशन” क्या है? ये एक स्वयंसेवी संस्था है, जिसके माध्यम से बीकानेर में हर रविवार को प्रोफेशनल्स सफाई का काम करते हैं। अलग अलग प्वाइंट्स पर पहुंचकर सफाई करने के साथ ही स्वच्छता का संदेश देते हैं। पिछले कई साल से ऑवर फॉर नेशन सीए सुधीश शर्मा के नेतृत्व में स्वच्छता का काम कर रहा है। अब ये ही संस्था बीकानेर फेस्टिवल की परिकल्पना कर रही है। ये हुए चर्चा में शामिल ऑवर फॉर नेशन की ओर से आयोजित संवाद कार्यक्रम में भीखाराम चांदमल के आशीष अग्रवाल, बीकाजी के एमडी दीपक अग्रवाल, एग्रीकल्चर युनिवर्सिटी कोटा की कुलगुरु डॉ. विमला डुकवाल, डॉ. परमेंद्र सिरोही, डॉ. पी.एस. बोहरा ने बीकानेर से जुड़े कई मुद्दों पर अपनी बात कही। कार्यक्रम में वेटरनरी युनिवर्सिटी के कुलगुरु सुमंत व्यास, महाराजा गंगा सिंह युनिवर्सिटी के कुलगुरु मनोज दीक्षित, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय पुरोहित सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *