बीकानेर में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए तापमान में बढ़ोतरी की आशंका जताते हुए आम लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। दरअसल, सामान्य से अधिक चल रहा पारा रविवार को ही 43.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका था, जो सोमवार को 44 के पार होगा। बीकानेर में रविवार को अधिकतम तापमान जहां 43.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस रहा। पारे में अचानक हुई बढ़ोतरी ने लू के हालात पैदा कर दिए हैं। सोमवार को सुबह आठ बजे भी पारा तीस डिग्री सेल्सियस से ऊपर था, जो दोपहर में 44 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े को पार कर सकता है। अगले तीन दिन बिगड़ेंगे हालात मौसम विभाग की मानें तो सोमवार को अधिकतम पारा 44 डिग्री सेल्सियस होगा, वहीं मंगलवार को भी इतना ही पारा रह सकता है। बुधवार को तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है। हालांकि ये भी सामान्य से अधिक होगा। तीन दिन तक लगातार लू रहने की आशंका में लोगों को तेज धूप में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। गर्मी से बचने के उपाय नहीं अब तक बीकानेर में गर्मी से बचने के लिए कोई खास उपाय नहीं किए गए हैं। पिछले साल नगर निगम ने कोटगेट के पास रेलवे क्रासिंग पर टैंट लगा दिए थे लेकिन इस बार अब तक इस दिशा में निगम की ओर से पहल नहीं हुई है। हालांकि तब ये काम मई में हुआ था लेकिन इस बार मई जितना पारा अप्रैल में ही पड़ रहा है।


