बीकानेर में सर्दी का असर कम, कोहरा छाया:अधिकतम पारा 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा; न्यूनतम 10 के आसपास

बीकानेर में इस बार कड़ाके की सर्दी का इंतजार ही रह गया। जिन दिनों में कभी शून्य डिग्री सेल्सियस तक तापमान पहुंच जाता था, वहीं इस बार पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे नहीं गया है। तापमान में बार-बार हो रहे बदलाव के बीच अब अधिकतम पारा बीस डिग्री सेल्सियस से ऊपर चल रहा है, वहीं न्यूनतम तापमान भी दस डिग्री सेल्सियस का आंकड़ा छूने की कोशिश में है। पिछले चौबीस घंटे में बीकानेर में न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अधिकतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस रहा है। इससे पहले अधिकतम तापमान तीस डिग्री सेल्सियस से अधिक हो गया था। ऐसे में दोपहर में गर्मी और रात में नौ बजे बाद सर्द हवा चल रही है। हालांकि सोमवार सुबह की शुरुआत कोहरे से हुई। रात ग्यारह बजे बाद ही कोहरा शुरू हो गया, जो सुबह नौ बजे तक रहा। हालांकि विजिबिलिटी बहुत ज्यादा कम नहीं हुई। सौ मीटर तक भी आसानी से दिख रहा था, लेकिन इससे आगे कोहरा था। बीकानेर संभाग में बारिश को लेकर भी मौसम विभाग ने चेतावनी दी थी लेकिन बीकानेर जिले में कहीं भी बारिश की खबर नहीं है। जिले के श्रीगंगानगर से सटे क्षेत्रों में बारिश नहीं हुई। लूणकरनसर में तो तापमान बीकानेर से भी ज्यादा रहा है। महाजन व अरजनसर में भी बारिश नहीं हुई। बीकानेर शहर में आने वाले दिनों में दिन में पारा बढ़ सकता है लेकिन रात में सर्दी अभी कायम रहेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *