बीकानेर में सेना भर्ती (वर्ष 2025-26) का आयोजन आगामी 29 जनवरी से 18 फरवरी तक किया जाएगा। यह भर्ती स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय (SKRAU) के खेल मैदान पर आयोजित होगी। भर्ती को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सेना भर्ती की व्यवस्थाओं को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता नगर निगम आयुक्त मयंक मनीष ने की। इसमें सेना भर्ती से जुड़े अधिकारियों और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। दौड़ ट्रैक, पानी-भोजन और मेडिकल पर विशेष जोर नगर निगम आयुक्त ने विश्वविद्यालय परिसर में दौड़ के लिए ट्रैक तैयार करने, अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, भोजन और चिकित्सा सुविधाएं, टेंट, बिजली व्यवस्था और बैरिकेडिंग को लेकर संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। सेना भर्ती टीम का ठहराव किसान घर में
सेना भर्ती को लेकर आने वाली टीम के ठहराव की व्यवस्था किसान घर में सुनिश्चित करने के निर्देश विश्वविद्यालय प्रतिनिधि को दिए गए। साथ ही मंगलवार दोपहर 2:30 बजे सभी संबंधित अधिकारियों को एसकेआरएयू खेल मैदान की जॉइंट विजिट कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। पांच जिलों के युवाओं के लिए होगी भर्ती सेना भर्ती के इंचार्ज कर्नल अंकुर कुमार ने बताया- यह भर्ती बीकानेर, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, चूरू और झुंझुनूं जिलों के युवाओं के लिए आयोजित की जा रही है। उन्होंने पीपीटी के माध्यम से बताया कि भर्ती को लेकर जिला प्रशासन से किस प्रकार के सहयोग की आवश्यकता है। राजस्थान की पांचवीं सेना भर्ती
राजस्थान में यह पांचवीं सेना भर्ती है। इससे पहले इसी वर्ष जोधपुर, कोटा, अलवर और सीकर में सेना भर्ती का आयोजन सफलतापूर्वक किया जा चुका है। बाहरी लोगों की एंट्री पर रहेगी सख्ती यदि दौड़ के लिए ट्रैक बेहतर गुणवत्ता का होगा, तो इसका सीधा लाभ राज्य के युवाओं को मिलेगा। साथ ही भर्ती के दौरान मैदान में किसी भी बाहरी व्यक्ति के अनाधिकृत प्रवेश पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए गए। कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद बैठक में मेजर मोहित नायर, एडीएम सिटी रमेश देव, अतिरिक्त एसपी चक्रवर्ती सिंह राठौड़, बीडीए उपायुक्त ऋषि एस. पांडे, एसकेआरएयू छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. एच.एल. देसवाल, डीएसओ नरेश शर्मा, सीएमएचओ डॉ. पुखराज साध, रोडवेज चीफ मैनेजर इंद्रा गोदारा, डीटीओ भारती नथानी, सहायक खेल अधिकारी रामकुमार पुरोहित सहित शिक्षा, बिजली व अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


