कुम्हेर नगरपालिका में चार कार्मिक गैरमौजूद मिले:जिला कलेक्टर ने कार्रवाई के निर्देश दिए, कहा- लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी

डीग कलेक्टर उत्सव कौशल ने सोमवार को कुम्हेर नगरपालिका कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यालय संचालन, उपस्थिति पंजिका और निर्माणाधीन विकास कार्यों की गहन समीक्षा की गई। निरीक्षण में चार कार्मिक बिना पूर्व सूचना के गैरमौजूद पाए गए, जिनके विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने जनहित के कार्यों में शिथिलता और अनुशासनहीनता को अस्वीकार्य बताया। उपस्थिति पंजिका की जांच के दौरान संतोष (फायरमैन), ममता शर्मा (सहायक कर्मचारी), जयकुमार शर्मा (एमआईएस मैनेजर-संविदा) और ममता (कनिष्ठ तकनीकी सहायक-संविदा) कार्यालय समय में अनधिकृत रूप से गैरमौजूद मिले। जिला कलेक्टर ने अधिशाषी अधिकारी कुम्हेर को इन कार्मिकों से स्पष्टीकरण मांगने और नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने नगरपालिका परिसर में निर्माणाधीन भवन का भी बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण सामग्री और कार्य की तकनीकी गुणवत्ता की जांच की। श्री कौशल ने अभियंताओं और संवेदक को स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकारी धन जनता की कमाई है, इसलिए निर्माण कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्य निर्धारित तकनीकी मापदंडों और समय सीमा के भीतर पूर्ण होना चाहिए। यह निरीक्षण जिले में सुशासन की अवधारणा को सुदृढ़ करने और सरकारी कार्यालयों में कार्मिकों की समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया था। कलेक्टर ने शहरी जनसमस्या समाधान शिविर की प्रगति बढ़ाने और आमजन को त्वरित राहत पहुंचाने के भी निर्देश दिए। शिविरों में बढ़ाएं प्रगति, आमजन को मिले फायदा राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘शहरी जनसमस्या समाधान शिविर’ (नगरीय निकाय अभियान) की समीक्षा करते हुए जिला कलेक्टर ने अब तक की प्रगति पर चर्चा की। उन्होंने पट्टे जारी करने, नाम हस्तांतरण और सफाई व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों के निपटारे की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा, शिविर का उद्देश्य केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि आमजन को वास्तविक राहत पहुँचाना है। यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र आवेदक कार्यालय के चक्कर लगाने को मजबूर न हो और उन्हें ‘सिंगल विंडो’ की तर्ज पर समाधान मिले।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *