बीजापुर जिले में नक्सलियों ने एक ग्रामीण को मार डाला। मंगलवार (16 सितंबर) रात नक्सली ग्राम बेंचरम के रहने वाले दशरू राम ओयाम (36 साल) के घर पहुंचे थे। उन्होंने दशरू पर मुखबिरी का आरोप लगाया और उसे घर से बाहर खींच लाए। इसके बाद धारदार कुल्हाड़ी से काट डाला। घटना जांगला थाना क्षेत्र की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। इस मामले में मर्ग और अपराध दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने इस माओवादी हिंसा की कड़ी निंदा की है।


