सतना जिले के बिरसिंहपुर में एक बीड़ी कारखाने को हिंदू देवी-देवताओं की तस्वीरों वाली पैकिंग सामग्री के उपयोग के आरोप में सील कर दिया गया है। यह कार्रवाई सोमवार को तहसीलदार और थाना प्रभारी ने शिकायत मिलने के बाद की। सभापुर थाना क्षेत्र के बिरसिंहपुर में हाशिम खान द्वारा संचालित इस कारखाने में बीड़ी और माचिस की पैकिंग पर हिंदू देवी-देवताओं की तस्वीरें लगाई जा रही थीं। इन सामग्रियों की आपूर्ति क्षेत्र में की जा रही थी। क्षेत्रीय लोगों ने इस मामले का विरोध किया। उन्होंने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी शिकायत की, जिसके बाद यह मामला अधिकारियों के संज्ञान में आया। शिकायत मिलने पर बिरसिंहपुर तहसीलदार शैलेंद्र बिहारी शर्मा और थाना प्रभारी निरीक्षक शंखधर द्विवेदी ने सोमवार दोपहर वार्ड नंबर 5 स्थित हाशिम खान के घर पर संचालित बीड़ी कारखाने में दबिश दी। मौके पर शिकायत सही पाए जाने पर अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कारखाने को सील कर दिया। अधिकारियों ने कारखाना संचालक हाशिम खान को यह भी निर्देश दिए हैं कि जहां-जहां भी इस तरह की पैकिंग वाली बीड़ी और माचिस की आपूर्ति की गई है, उन्हें तत्काल वापस मंगाया जाए।


