कोटा ग्रामीण पुलिस ने साल 2024 में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 131 मामले दर्ज कर 163 आरोपी को गिरफ्तार किया। इन मामलों में पुलिस ने 3294.580 किलो डोडा चूरा, 241.619 किलो गांजा, 5.588 किलो किलो अफीम, 293.118 ग्राम स्मैक, 4 ट्रक, 24 कार, 26 बाइक, दो हार्वेस्टर जब्त की। जिसकी कुल कीमत करीब 7 करोड़ 2 लाख 650 रूपए बताई गई। साल 2024 की कार्रवाई के बारे में जानकारी देते हुए ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर ने बताया कि साल 2024 में ग्रामीण पुलिस की पेंडेंसी 4.80 प्रतिशत रही है। पेंडेंसी मामले में ग्रामीण पुलिस राज्य स्तर पर सेकंड व रेंज स्तर पर प्रथम स्थान पर रही। वहीं 96.38 परिवाद निस्तारण कर राज्य स्तर में पहले स्थान पर रहा। सीसीटीएनएस पर ऑनलाइन केस डायरी का इंद्राज 100 फीसदी के साथ राज्य में पहले स्थान पर रहा। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन वज्र प्रहार व एरिया डोमिनेशन के तहत सक्रिय अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए जिला स्तर पर कई अभियान चलाएं। जिसमें आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, आबकारी, हत्या, हत्या का प्रयास,लूट, डकैती सहित जघन्य अपराधों में 187 वांछित अपराधी, 571 स्थायी, उद्घोषित,भगोड़े, गिरफ्तारी वारंटियों, 628 सामाजिक तत्व, 105 प्रकरणों में वांछित अपराधी सहित 1491 अपराधी को गिरफ्तार किया। साल 2024 में 2 लाख 27 हजार के 22 ईनामी अपराधियो को सलाखों के पीछे भेजा। जिनमें 4 अपराधी 25-25 हजार,1 अपराधी 20 हजार, 1 अपराधी 11 हजार,5 अपराधी 10-10 हजार के शामिल रहे। जिले में अवैध खनन के 66 प्रकरण दर्ज किए गए। जिनमें 55 आरोपियों को गिरफ्तार कर 1966 टन बजरी,11,520 टन पत्थर, 33 ट्रैक्टर ट्राली, 13 डंपर, एक हाइड्रा मशीन, 7 ट्रेलर, एक जेसीबी को जप्त किया गया। वही अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 565 मामले दर्ज कर 574 आरोपियों को गिरफ्तार किया। करीब 20,133 लीटर अवैध शराब, 3 ट्रक, 10 बाइक, 3 कार जप्त की। जप्त माल की कुल कीमत 1 करोड़ 61 लाख 40 हजार 55 रुपए है। ग्रामीण पुलिस में साल 2024 में 5 ब्लाइंड मर्डर के प्रकरण दर्ज हुए। सभी मामलों का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। साइबर ठगी के मामले में ठगी गई राशि में से कुल 26 लाख 12 हजार 80 रुपए को होल्ड करवाया गया।


