अलवर में सड़क पार करते बुजुर्ग महिला (64) को एक वाहन ने टक्कर मार दी। घायल को जिला हॉस्पिटल लेकर गए, जहां से जयपुर रेफर किया गया। इस दौरान बुजुर्ग ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। हादसा मंगलवार शाम करीब 5 बजे सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत छठी मील के पास झारखेड़ा कट का है। पुलिस ने आज पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा। जिला हॉस्पिटल जा रही थी,वाहन ने मारी टक्कर
हादसे में चंद्रा पत्नी मोरमल ( 64) निवासी झारखेड़ा गांव की मौत हुई है। परिजन हाकम खान ने बताया कि चंद्रा की बेटी समीना पिछले तीन दिनों से बीमार होने के कारण जिला हॉस्पिटल में भर्ती थी। चंद्रा उसे हर दिन गांव से खाना लेकर देने आती थी। मंगलवार शाम भी वह खाना लेकर हॉस्पिटल आ रही थी। झारखेड़ा गांव से निकलकर अलवर–तिजारा हाईवे पर पहुंची। सड़क पार करने लगी। तब ही किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जयपुर लाते समय रास्ते में तोड़ा दम
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने उसे जिला हॉस्पिटल पहुंचाया। परिवार को छठी मील के पास एक सब्जी विक्रेता से हादसे की सूचना मिली, जिसके बाद परिजन पहुंचे। डॉक्टरों प्राथमिक इलाज के बाद महिला को जयपुर रेफर किया लेकिन राजगढ़ के पास रास्ते में ही दम तोड़ दिया। फिलहाल अज्ञात वाहन का कोई सुराग नहीं लग पाया है। मृतका के परिवार में पांच बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और चार बेटियां शामिल हैं सभी की शादी हो चुकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


