राजधानी के बीयर बार में आए दिन हो रही मारपीट और हत्या की घटनाओं को देखते हुई पुलिस सख्त हो गई है। एसएसपी राकेश रंजन ने बुधवार को कोतवाली थाना परिसर में शहर के सभी बीयर बार संचालकों के साथ इस मुद्दे को लेकर बैठक की। बैठक में विधि-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए बार संचालकों की जिम्मेवारी तय की गई। एसएसपी ने कहा है कि बीयर बार में हुए विवाद के बाद अगर बाहर सड़क पर भी कोई घटना होती है तो बार संचालकों को भी जिम्मेवार माना जाएगा। ऐसे में उनकी जिम्मेवारी बनती है कि अगर बीयर बार में छोटा विवाद भी हुआ है तो वह तुरंत संबंधित थाना या डायल 112 पर सूचना दें ताकि बड़ी घटना को रोका जा सके। एसएसपी ने यह भी निर्देश दिया है कि बियर बार में काम करने वाले बाउंसर व गार्ड के अलावा अन्य सभी स्टाफ का 7 दिनों के अंदर पुलिस वेरिफिकेशन कराएं। वेरिफिकेशन कराए बगैर अगर कोई स्टाफ रखता है तो किसी प्रकार की घटना होने की स्थिति में संचालक को दोषी मानते हुए उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। राजधानी में 62 बार, देर रात तक परोसी जाती है शराब: राजधानी के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 62 बार चल रहे हैं। इनमें कई बार ऐसे हैं जहां नियम तोड़ कर देर रात तक शराब परोसी जाती है। पुलिस जब कभी कार्रवाई करती है तो बार संचालक कुछ दिनों तक नियम का पालन करते हैं। हालांकि कुछ दिनों के बाद फिर नियमों की अनदेखी करने लगते हैं जिसकी वजह से घटनाएं होती है। पुलिस की सख्ती कुछ दिन रहती है, फिर सब हवा-हवाई हो जाता है।- बीयर बार संचालकों के लिए 6 नियमों का पालन अनिवार्य


