धनबाद में भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के कोयला भवन में सोमवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सीबीआई ने एक क्लर्क को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। प्रशासनिक विभाग में कार्यरत क्लर्क प्रणय सरकार को 14 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। प्रणय सरकार ने पीएफ पेंशन फाइल के निपटारे के लिए रिश्वत की मांग की थी। पीड़ित व्यक्ति ने इसकी शिकायत सीबीआई से की, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। सीबीआई की टीम ने आरोपी क्लर्क के कब्जे से कई महत्वपूर्ण कागजात भी जब्त किए हैं और उसके आवास पर भी छापेमारी की गई। सीबीआई की इस अचानक कार्रवाई से कोयला भवन में हड़कंप मच गया।


