हजारीबाग में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित संविधान गौरव अभियान में केंद्रीय राज्य रक्षा मंत्री संजय सेठ ने कहा कि संविधान एक पवित्र पुस्तक है, जिससे देश चलता है। संविधान के 75 वर्ष पूरे होने पर 11 से 25 जनवरी तक चलने वाले इस अभियान का मुख्य उद्देश्य संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित करना है। झांझरिया पुल विधायक आवास परिसर में आयोजित कार्यक्रम में हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल, सदर विधायक प्रदीप प्रसाद, बरकट्ठा विधायक अमित यादव और बरही विधायक मनोज यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और आम लोग उपस्थित थे। सभी जनप्रतिनिधियों ने संविधान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भाजपा के रहते संविधान सुरक्षित रहेगा। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर को वास्तविक सम्मान भाजपा ने दिया है। वक्ताओं ने बताया कि संविधान के कारण ही विकास योजनाएं धरातल पर उतर रही हैं और सभी नागरिकों को जीने का अधिकार मिला है। कार्यक्रम में मंत्री संजय सेठ और अन्य वक्ताओं ने विपक्षी दल कांग्रेस पर तीखे प्रहार किए। कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर संविधान के बारे में लोगों को जागरूक करने की अपील की गई।


