बुरहानपुर के तिलक वार्ड नया मोहल्ला में मंगलवार रात तेज हवाओं और बारिश के कारण एक पुराना और विशाल पेड़ हनुमान मंदिर पर गिर गया। इस घटना में मंदिर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पेड़ पास की मरियम मस्जिद की दीवार से भी टकराया, जिससे मस्जिद की दीवार को भी नुकसान पहुंचा है। स्थानीय रहवासियों ने इस पेड़ के गिरने की आशंका को लेकर नगर निगम और सीएम हेल्पलाइन पर कई बार शिकायतें की थीं, लेकिन उनकी शिकायतों पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। बुधवार सुबह पेड़ गिरने की सूचना मिलने पर नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और पेड़ हटाने का काम शुरू किया। ग्रामीणों ने कई बार की थी शिकायत लेकिन निराकरण नहीं हुआ
रहवासी संजय सिंह ठाकुर ने बताया कि बरगद, पीपल और नीम का यह पेड़ गिरने की कगार पर था। उन्होंने 15 से 20 बार सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत की थी, जिसका निराकरण नहीं हुआ। रात में पेड़ गिरने से करीब 200 से 250 साल पुरानी हनुमान जी की मूर्ति को भी नुकसान पहुंचा है। उनके मकान और मरियम मस्जिद की दीवार को भी क्षति हुई है। तिलक वार्ड नंबर 7 के पार्षद प्रतिनिधि राकेश खत्री ने जानकारी दी कि पेड़ गिरने से हनुमान मंदिर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। उन्होंने कहा कि पेड़ मस्जिद की दीवार से टिक गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। खत्री के अनुसार, क्षेत्र के लोगों ने शिकायतें की थीं और नगर निगम ने समय-समय पर पेड़ की छंटाई भी की थी, लेकिन मोहल्लेवासी इसे पूरी तरह कटवाना चाहते थे, जिस पर ध्यान नहीं दिया गया। नगर निगम के अतिक्रमण विभाग प्रभारी संजय तिवारी ने बताया कि उन्हें पेड़ गिरने की सूचना मिली है। उन्होंने दावा किया कि सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समय-समय पर निराकरण किया गया है और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। पेड़ हटाने का काम जारी है। देखें तस्वीरें


