बुरहानपुर। नेपानगर नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) मोहन सिंह अलावा ने शनिवार सुबह शहर के पार्कों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभा पार्क सहित अन्य पार्कों का जायजा लिया और इस दौरान खुद भी वर्क आउट किया। सीएमओ मोहन सिंह अलावा ने बताया कि यह निरीक्षण स्वच्छता की दृष्टि से किया जा रहा है। उन्होंने पार्कों में पाई गई कमियों को दूर करने के निर्देश दिए हैं और अधिकारियों को मरम्मत व सुधार के लिए अनुमानित लागत (इस्टीमेट) तैयार करने को कहा है। उन्होंने पार्कों के नियमित भ्रमण और साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। नेपानगर में प्रभा पार्क ही एकमात्र ऐसा व्यवस्थित पार्क है, जहां शहर के लोग बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। सुबह की सैर (मॉर्निंग वॉक) के लिए भी यहां काफी भीड़ रहती है। शहर में दो नए पार्क भी निर्माणाधीन हैं। हालांकि, शहर के कई अन्य पार्क फिलहाल उजाड़ स्थिति में हैं और उनकी सुध नहीं ली जा रही है। तत्कालीन नगर पालिका अध्यक्ष मधु चौहान के कार्यकाल में अधिकांश पार्कों का कायाकल्प कराया गया था, लेकिन अब वे फिर से बदहाल हो गए हैं। इन पुराने पार्कों को दुरुस्त नहीं किया जा रहा है, जबकि दो नए पार्क बन रहे हैं। नागरिकों ने कई बार इन पार्कों की स्थिति सुधारने की शिकायत की है, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया गया है। पुराने पार्कों में लगे मनोरंजन के उपकरण और झूले खराब हो चुके हैं, तार फेंसिंग टूटी हुई है और गंदगी भी फैली रहती है।


