बुरहानपुर में विधानसभा के सवाल का असर:नेपानगर में हटाया अतिक्रमण; विधायक ने उठाया था मुद्दा, नोटिस के बाद भी नहीं हटा तो की कार्रवाई

बुरहानपुर के नेपानगर में सार्वजनिक रास्ते पर किए गए अतिक्रमण को सोमवार दोपहर नगर पालिका की टीम ने हटा दिया। यह कार्रवाई जैतपुर-शहडोल से भाजपा विधायक जयसिंह मरावी द्वारा मध्य प्रदेश विधानसभा में ध्यानाकर्षण लगाए जाने के बाद की गई। टीम ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर ध्वजारोहण स्तंभ के पास से टीन शेड और टपरी को हटा दिया। विधायक ने शिकायत की थी कि वार्ड नंबर 23 पंडित दीनदयाल नगर में ध्वजारोहण स्तंभ के पास एक नवनिर्मित मकान की गिट्टी पड़ी है और आम रास्ते पर लोहे की गुमटी व टीन शेड रखकर कब्जा किया गया है। नपा टीम ने 11 दिसंबर को नोटिस चस्पा किए थे, लेकिन सोमवार तक कोई दावेदार सामने नहीं आया। इसके बाद सख्ती से अतिक्रमण हटा दिया गया। पूरे प्रदेश के लिए उठाया था सवाल विधायक जयसिंह मरावी ने विधानसभा में यह प्रश्न केवल नेपानगर के लिए नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश की नगर निगमों, नगर पालिकाओं और परिषदों में अतिक्रमण हटाने को लेकर उठाया था। नेपानगर नगर पालिका भी इस सूची में शामिल थी, जिसके चलते यह कार्रवाई तुरंत अमल में लाई गई। नेपा लिमिटेड ने भी दी चेतावनी: खुद हटा लें कब्जा पिछले दिनों नेपा लिमिटेड के संपदा विभाग ने भी शहर में कई जगहों पर नोटिस चस्पा किए हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि जिन लोगों ने बिना अनुमति टपरियां रखी हैं, वे उन्हें खुद हटा लें, वरना नगर पालिका के साथ मिलकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *