बुरहानपुर के ग्राम बिरोदा में शिवलिंग को क्षतिग्रस्त करने के आरोप में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने शुक्रवार रात एक महादेव मंदिर में तोड़फोड़ की थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर यह कार्रवाई की। आरोपियों की पहचान फकीरा पिता फत्तु (34) और सिराज पिता इब्राहीम तड़वी के रूप में हुई है। दोनों बिरोदा के निवासी हैं। घटना पानी की टंकी के पास पाडला रोड स्थित इनाई माता मंदिर के समीप महादेव मंदिर में हुई थी। आरोपियों ने मंदिर के गुंबद, कलश, जलाधारी और महादेव जी की पिंडी को टिकम से तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया था, जिससे हिंदू धर्म की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची थी। आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया गया था केस भारत पिता पांडुरंग चौधरी निवासी वीआईपी नगर बिरोदा की शिकायत पर लालबाग थाने में आरोपियों के खिलाफ धारा 298 और 324-1 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसके अतिरिक्त, आरोपियों के खेतों में सिंचाई उपकरणों और फसलों को भी नुकसान पहुंचाने पर धारा 326 के तहत भी केस दर्ज किया गया। बुरहानपुर एसपी देवेंद्र कुमार पाटीदार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत भी कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों ने सीसीटीवी से बचने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की नजर से बच नहीं पाए।


