बुरहानपुर में शौर्य दिवस पर बजरंग दल की शौर्य यात्रा:जनप्रतिनिधियों ने पुष्पवर्षा की, राष्ट्रभक्ति के नारे गूंजे

बुरहानपुर में गुरुवार को शौर्य दिवस के अवसर पर बजरंग दल ने एक शौर्य यात्रा निकाली। यह यात्रा गणेश स्कूल से शुरू होकर शहर के मुख्य मार्गों जैसे पांडुमल चौराहा और राजपुरा से गुजरी और वापस गणेश स्कूल पर समाप्त हुई। यात्रा का जगह-जगह पुष्पवर्षा कर जोरदार स्वागत किया गया। इस यात्रा में बजरंग दल के प्रांतीय और स्थानीय पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी कार्यकर्ता एक गणवेश में अनुशासित ढंग से बैंड की धुन पर चल रहे थे। पांडुमल चौराहा पर नेपानगर विधायक मंजू दादू, भाजपा नेता गजेंद्र पाटील और मंडल अध्यक्ष अमोल भगत सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने शौर्य संचलन का पुष्पवर्षा कर आत्मीय स्वागत किया। विधायक बोलीं- शौर्य संचलन एकता का प्रतीक
विधायक मंजू दादू ने इस शौर्य संचलन को सनातन संस्कृति, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक एकता का सशक्त प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि बजरंग दल के अनुशासित कार्यकर्ताओं ने अपने शौर्य, सेवा भाव और राष्ट्र के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट परिचय दिया, जिससे युवाओं को प्रेरणा मिली। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के तत्वावधान में यह विशाल शौर्य संचलन गीता जयंती के पावन अवसर पर प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी निकाला गया। इसका नेतृत्व गणेश विद्यालय बुरहानपुर से जिला प्रमुख दिनेश राठौड़ और जिला संयोजक सुनील घाठे ने किया। यात्रा का उद्देश्य हिंदू भाइयों को जागरूक करना और प्रचार करना था। इस दौरान पार्षद नितेश दलाल, भरत इंगले, भरत मराठे, राजेश महाजन और रवि सिंगोरिया सहित कई अन्य लोग भी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *