शिवपुरी के चार नाबालिग बच्चे घूमने के इरादे से गुना पहुंच गए। बुधवार रात हनुमान चौराहे पर 12 से 13 वर्ष की उम्र के ये बच्चे अकेले घूमते नजर आए। बच्चों की हालत देखकर पटेरिया होटल संचालक राजू लोधा ने उन्हें अपने पास रोका और खाना खिलाया। राजू लोधा ने मामले की जानकारी समाजसेवी प्रमोद भार्गव को दी। सूचना मिलते ही प्रमोद भार्गव मौके पर पहुंचे, बच्चों से बातचीत की और तुरंत कैंट थाना प्रभारी अनूप भार्गव को अवगत कराया। इसके बाद वे स्वयं बच्चों को हनुमान चौराहे से कैंट थाने लेकर पहुंचे। पूछताछ के बाद परिजनों से मिलवाया थाने में बच्चों से पूछताछ की गई और उनके परिजनों से संपर्क किया गया। बच्चों में से एक सलमान ने बताया कि उसकी मां मौसी के यहां रहती है और वह अपने दोस्तों सलमान, कुणाल और समीर के साथ घूमने गुना आया था, लेकिन उन्हें घर का रास्ता नहीं मिला। गुरुवार दोपहर बच्चों की मां और मौसी थाने पहुंचीं, जिसके बाद पुलिस ने सभी बच्चों को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया। अभिभावकों से सतर्क रहने की अपील समाजसेवी प्रमोद भार्गव और पुलिस ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का ध्यान रखें। बच्चे कहां जा रहे हैं और किन लोगों के संपर्क में हैं इसका ध्यान रखें। साथ ही उन्होंने राजू लोधा और कैंट पुलिस का धन्यवाद करते हुए कहा कि आपसी सहयोग से हर निराश्रित को समय पर मदद मिल सकती है।


