बुरहानपुर में स्ट्रीट डॉग की बढ़ती संख्या को नियंत्रित करने के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पिछले एक महीने में 500 स्ट्रीट डॉग की नसबंदी की जा चुकी है। यह अभियान अगले दो साल तक जारी रहेगा। नसबंदी और कुत्तों की सुरक्षित देखभाल के लिए रेणुका क्षेत्र स्थित रेणुका उद्यान में एक शेल्टर होम स्थापित किया गया है। यहां एक स्थायी डॉक्टर भी नियुक्त किया गया है। नियुक्त डॉ. आशुतोष मंडलोई ने बताया कि बुरहानपुर जिले में 10 दिसंबर से स्ट्रीट डॉग को पकड़कर शेल्टर होम भेजने और उनकी नसबंदी करने का अभियान चल रहा है। इसका उद्देश्य उनकी जनसंख्या पर नियंत्रण करना है। प्रतिदिन एक टीम शहर में जाती है और शिकायतों के आधार पर भी कुत्तों को पकड़ने पहुंचती है। वर्तमान में पांच शेल्टर होम बनाए गए हैं और पांच अतिरिक्त शेल्टर होम बनाने की मांग की गई है। अभियान के तहत नर और मादा दोनों कुत्तों की नसबंदी की जा रही है। पकड़े जाने के दिन से लेकर पांच दिनों तक उन्हें शेल्टर होम में रखा जाता है, जिसके बाद उन्हें वापस उसी स्थान पर छोड़ दिया जाता है।


