मन्दसौर जिले में बेहतर एवं सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को एसपी विनोद कुमार मीना ने शुक्रवार को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। पुलिस लाइन परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिले के शामगढ़, नाहरगढ़, दलोदा, पिपलिया मंडी और सिटी कोतवाली जैसे 5 थानों के 18 अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके कर्तव्यनिष्ठ, साहसिक मानवीय कार्यों के लिए पुरस्कृत किया गया। एसपी ने कहा कि पुलिसकर्मियों द्वारा अलग-अलग परिस्थितियों में किए गए सर्वोत्तम कार्य न केवल कानून व्यवस्था को मजबूत करते हैं, बल्कि समाज में पुलिस की सकारात्मक छवि भी प्रस्तुत करते हैं। थाना नाहरगढ़
थाना नाहरगढ़ से एसडीओपी मंदसौर ग्रामीण कीर्ति बघेल, निरीक्षक वरुण तिवारी, प्रधान आरक्षक अजीत सिंह, रमीज राजा, दिलावर सिंह, अर्जुन सिंह एवं आरक्षक महेंद्र सिंह को सम्मानित किया गया। दिनांक 18 जुलाई 2025 को ग्राम हिंगोरिया बड़ा में श्यामलाल धाकड़ की अज्ञात व्यक्ति द्वारा की गई हत्या के मामले में अपराध पंजीबद्ध किया गया था। तकनीकी साक्ष्यों एवं सटीक अनुसंधान के आधार पर मृतक के पिता सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर अंधे हत्याकांड का खुलासा किया गया। इस उच्च व्यवसायिक दक्षता के लिए टीम को पुरस्कृत किया गया। थाना सिटी कोतवाली
थाना कोतवाली से सीएसपी जितेंद्र भास्कर, आरक्षक अरुण पंवार, मोहित पंवार एवं एफआरवी चालक राजेश सांवलिया को सम्मानित किया गया। दिनांक 28 दिसंबर 2025 को गोल चौराहे के पास तीन मंजिला मकान में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की घटना में ऊपर के तल पर दो महिलाएं फंस गई थीं। मौके पर पहुंचकर सीएसपी जितेंद्र भास्कर ने स्वयं खिड़की से प्रवेश कर महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला तथा 12 गैस सिलेंडरों को हटवाकर बड़ी जनहानि को टाला। चोटिल होने के बावजूद साहस एवं वीरता का परिचय देने पर टीम को पुरस्कृत किया गया। थाना पिपलियामंडी
थाना पिपलियामंडी से उप निरीक्षक मूलचंद धाकड़, आरक्षक उदलसिंह राठौर एवं चालक धनपाल सिंह को सम्मानित किया गया। दिनांक 29 दिसंबर 2025 को बालागुढ़ा स्थित बालाजी मंदिर के पास पप्पूलाल हरिजन को अचानक दिल का दौरा पड़ा। पुलिस टीम ने त्वरित कार्यवाही कर पीड़ित को अस्पताल पहुंचाया, जिससे समय पर उपचार मिलने से उसकी जान बचाई जा सकी। इस मानवीय कार्य के लिए उन्हें सम्मानित किया गया। थाना शामगढ़
थाना शामगढ़ से उप निरीक्षक कपिल सौराष्ट्रीय को ग्राम देवरी में दो पक्षों के बीच विवाद को सूझ-बूझ एवं आपसी समझाइश से शांतिपूर्वक सुलझाने पर पुरस्कृत किया गया। उनकी तत्परता से क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द का वातावरण बना और स्थिति बिगड़ने से पहले ही नियंत्रण में आ गई। थाना दलौदा
थाना दलौदा से उप निरीक्षक शुभम व्यास, सहायक उप निरीक्षक यूसुफ मंसूरी एवं आरक्षक युवराज सिंह को सम्मानित किया गया। दिनांक 5 जनवरी 2026 को सिद्धि विनायक कॉलोनी में हुई चोरी की घटना में केस दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गया मशरुका बरामद किया। त्वरित कार्रवाई एवं कार्यकुशलता के लिए टीम को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।


