बूंदी जिले में जैन मंदिरों को निशाना बनाने का सिलसिला जारी है। इसी माह तीसरी बार जैन मंदिर में चोरी की वारदात सामने आई है। दबलाना थाना क्षेत्र के धाभाइयों का नया गांव स्थित जैन मंदिर में मंगलवार देर रात चोरों ने धावा बोल दिया।
चोर मंदिर से अष्टधातु की 3 प्रतिमाएं, चांदी का छत्र, सिंहासन, चांदी का नारियल और गुल्लक सहित अन्य कीमती सामान चुराकर फरार हो गए। इस घटना से क्षेत्र में रोष का माहौल है। यह जनवरी में एक महीने में तीसरी घटना है। इससे पहले बड़ानयागांव और नैनवा क्षेत्र के जैन मंदिरों में भी चोरी की वारदातें हो चुकी हैं। हालांकि, अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं हो पाया है, जिससे जैन समाज में रोष व्याप्त है। CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
थाना अधिकारी प्रिया व्यास ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर बुधवार सुबह करीब 7 बजे दबलाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल चोर पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और घटनास्थल से तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग
मंदिर अध्यक्ष बिरधि चंद जैन और चेतन जैन ने बताया कि इस चोरी की घटना से श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। ग्रामीणों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।


