सैंपऊ के झीलरा स्थित एक आवासीय कोचिंग सेंटर से बीती रात छह छात्र अचानक गायब हो गए। पुलिस ने इनमें से तीन छात्रों को ढूंढ लिया है, जबकि अन्य तीन अपने घर पहुंच गए हैं। यह घटना गुरुकुल नवोदय कोचिंग एंड लर्निंग सेंटर में हुई, जो आवासीय सुविधा भी प्रदान करता है। छात्रों के गायब होने की सूचना मिलते ही परिजन रात में ही कोचिंग सेंटर पहुंचे। उन्होंने बच्चों की तलाश शुरू की, लेकिन रात भर उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने कोचिंग सेंटर पर हंगामा किया। जानकारी के अनुसार कुछ छात्र महुआ खेड़ा कंचनपुर थाना क्षेत्र में मिले। पुलिस उन्हें थाने ले आई। थाना प्रभारी रविंद्र रावत ने तीन छात्रों से पूछताछ की। इस दौरान छात्रों के परिजन और कोचिंग संचालक भी थाने पहुंच गए। वहीं, अन्य तीन छात्रों के अपने-अपने घर पहुंचने की सूचना है। पुलिस इस पूरे मामले को लेकर छात्रों के परिजनों और कोचिंग संचालक से पूछताछ कर रही है।


