खंडवा में सड़क हादसे में घायल बीजेपी नेता की मौत:रोड किनारे चल रही जेसीबी मशीन की चपेट में आई थी बाइक

खंडवा में दो दिन पहले हुए एक सड़क हादसे में घायल भाजपा नेता की इलाज के दौरान मौत हो गई। जेसीबी मशीन की चपेट में आने से घायल हुए धनगांव निवासी रामनारायण राठौर ने बुधवार को इंदौर में अंतिम सांस ली। वे पूर्व में भाजपा के बूथ अध्यक्ष और विधायक प्रतिनिधि रह चुके थे। जेसीबी की चपेट में आने से हुआ हादसा यह हादसा सोमवार देर रात का है। रामनारायण राठौर जावर से अपने गांव धनगांव बाइक से लौट रहे थे। रोहिणी फाटे के पास सड़क किनारे एक व्यापारी के फार्म हाउस पर काम करने के बाद जेसीबी मशीन पीछे की ओर रिवर्स आ रही थी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे बाइक सवार रामनारायण उसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला अस्पताल से इंदौर किया गया था रेफर हादसे के बाद जेसीबी मालिक ने परिजनों को सूचना दी और घायल को खंडवा जिला अस्पताल पहुंचाया। सिर में गंभीर चोट लगने और हालत नाजुक होने के चलते डॉक्टरों ने उन्हें इंदौर रेफर कर दिया था। बुधवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सिर में आए थे गंभीर चोट के निशान 55 वर्षीय रामनारायण पिता हीरालाल राठौर के सिर में गहरे घाव थे और टांके लगाए गए थे। भाजपा नेताओं के अनुसार हादसे के बाद से ही उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई थी। जावर भाजपा मंडल अध्यक्ष हरीश सेन ने बताया कि हादसे से करीब आधा घंटे पहले ही रामनारायण उनसे मिले थे। उन्होंने गांव में सड़क और नाली के कुछ कार्य विधायक से करवाने की बात कही थी। बातचीत के बाद वे अपने गांव के लिए रवाना हुए थे। सामाजिक और पारिवारिक जीवन रामनारायण राठौर किसान होने के साथ-साथ आंगनवाड़ी में मध्यान्ह भोजन सप्लाई का कार्य भी करते थे। उनकी पत्नी आंगनवाड़ी में सहायिका के पद पर कार्यरत हैं। परिवार में एक बेटा और एक बेटी है। बेटी की शादी हो चुकी है। उनके निधन से गांव और भाजपा संगठन में शोक की लहर है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *