बूंदी में शनिवार 24 जनवरी को आयोजित होने वाले भगवान देवनारायण जयंती समारोह, निःशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन, प्रतिभा सम्मान समारोह और भव्य शोभायात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आयोजन समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने शुक्रवार को भगवान देवनारायण मंदिर परिसर और मुख्य कार्यक्रम स्थल पर सभी व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भोजन, टेंट, पंडाल, म्यूजिक, साउंड सिस्टम, मंच और बैठक व्यवस्था सहित सभी आवश्यक तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया गया। समिति ने कार्यक्रम की संपूर्ण रूपरेखा को अंतिम रूप देते हुए व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ किया। 60 हजार से ज्यादा लोगों के लिए व्यवस्था की
आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम में लगभग 60 से 65 हजार श्रद्धालुओं के लिए भोजन की समुचित व्यवस्था की गई है। हजारों श्रद्धालुओं के बैठने के लिए कुर्सियों का इंतजाम किया गया है। राज्यभर से आने वाले अतिथियों, समाज के भामाशाहों और विशिष्टजनों के स्वागत-सत्कार की भी विशेष तैयारियां की गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग व्यवस्था भी निर्धारित की गई है। कार्यक्रम स्थल पर आने वाले वाहनों के लिए पुरानी धान मंडी में पार्किंग की व्यवस्था है। शोभा यात्रा शुरू होने से पहले वाहनों की पार्किंग हाई सेकेंडरी स्कूल परिसर में रहेगी, ताकि यातायात सुचारु बना रहे। भजन संध्या का भी आयोजन
जयंती के उपलक्ष्य में शुक्रवार को एक भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसमें दूर-दराज क्षेत्रों और जिलेभर से साधु-महात्मा शामिल होंगे, जो अपने प्रवचनों और भजनों से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक लाभ प्रदान करेंगे।
पेयजल आपूर्ति, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को भी अंतिम रूप दे दिया गया है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की अव्यवस्था या असुविधा का सामना न करना पड़े।


