मुरैना कोतवाली पुलिस ने पिछले आठ माह से फरार चल रहे तीन इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाशों पर मुरैना पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ द्वारा पांच–पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। तीनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और इनके खिलाफ मारपीट, फायरिंग कर दहशत फैलाने और लोगों से शराब के लिए पैसे वसूलने जैसे कई मामले दर्ज हैं। कोतवाली थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए धुंधी गुर्जर पुत्र राम सहाय गुर्जर,जीते उर्फ जितेंद्र पुत्र दिवान सिंह गुर्जर औरराहुल पुत्र भूरा गुर्जरतीनों निवासी मसूदपुर, थाना सराय छोला को मिश्रा गार्डन, नैनागढ़ रोड के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपी किसी नई वारदात की फिराक में शहर पहुंचे थे। आठ माह से पुलिस को थी तलाश
तीनों बदमाश शहर में वारदात कर करीब आठ माह पहले फरार हो गए थे। इसके बाद से पुलिस लगातार इनकी तलाश में जुटी हुई थी। फरारी के दौरान आरोपी अपने गांव मसूदपुर से मुरैना शहर आकर अड़ीबाजी करते, कभी फायरिंग कर दहशत फैलाते तो कभी जीवाजीगंज इलाके में कोचिंग जा रहे छात्रों को परेशान करते और शराब के लिए पैसे मांगते थे। लंबे समय बाद गुरुवार को तीनों आरोपी एक बार फिर मुरैना शहर पहुंचे, जहां पहले से सतर्क पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। आदतन अपराधी, इनाम था घोषित
कोतवाली थाना प्रभारी टीआई अमित भदौरिया ने बताया कि पकड़े गए तीनों आरोपी इनामी बदमाश हैं और पुलिस अधीक्षक द्वारा इन पर पांच-पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। शहर में दाखिल होते ही पुलिस को सूचना मिली और तत्काल कार्रवाई कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।


