बूंदी जिले में सेवा पखवाड़ा 2025 के तहत टीबी मरीजों के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। जिला मुख्यालय पर शनिवार को 20 टीबी मरीजों सहित जिले भर में कुल 350 मरीजों को पोषण किट वितरित की गईं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ ओ पी सामर, मेडिकल कॉलेज के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ कमल नयन श्रृंगी, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ कुलदीप मीना और डॉ योगेश शर्मा ने निक्षय मित्र कार्यक्रम में भाग लिया। पोषण किट में दाल, दलिया, चावल, गुड़, तेल, चना और भूंगडा शामिल थे। जिले के सारसला, दौलतपुरा, आमली, नान्ता, गरमपुरा, लबान, आजंदा, गरडदा और उमर सहित सभी सब सेंटरों पर निक्षय मित्रों ने पोषण किट का वितरण किया। इस दौरान 113 नए निक्षय मित्र बनाए गए। जिले में अब कुल 1806 निक्षय मित्र हैं, जिन्होंने अब तक 5467 पोषण किट वितरित की हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जिले के भामाशाहों और दानदाताओं से टीबी मरीजों की सहायता के लिए आगे आने की अपील की है। कार्यक्रम में जिला समन्वक धीरेन्द्र सिंह आसावत, पीपीएम समन्वयक शैलेन्द्र भारद्वाज, एसटीएस नरेश गौतम, टीबीएचवी संजय खान और हरीश सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सेवा पखवाड़ा 2025 की गतिविधियों के तहत रविवार 21 सितंबर को जिले में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा।


