बूंदी में यूरिया लेने के लिए उमड़ी किसानों की भीड़:756 कट्टों के लिए आए 2000 किसान, 2 किमी का चक्कर लगाना पड़ा

बूंदी जिले के देई कस्बे में गुरुवार को यूरिया खाद लेने के लिए किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। उपतहसील कार्यालय में डीलर के पास 756 यूरिया खाद के कट्टे उपलब्ध थे, जबकि इन्हें लेने के लिए लगभग 2 हजार किसान पहुंचे। कृषि अधिकारियों और पुलिस की मौजूदगी में खाद का वितरण किया गया। सहायक कृषि अधिकारी लेखराज मीना और पुलिस दल ने किसानों को एक-एक कट्टे की पर्चियां वितरित कीं। वितरण प्रक्रिया के दौरान किसानों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। किसानों को यूरिया खाद लेने के लिए करीब 2 किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ा। शुरुआत में बन्सोली चौराहे के पास डीलर ने खाद बांटना शुरू किया, लेकिन अत्यधिक भीड़ के कारण स्टेट हाईवे 34 (देई-खटकड़ सड़क मार्ग) जाम हो गया। पैदल ही पहुंचे किसान
इसके बाद पुलिस ने किसानों को तहसील कार्यालय में लाइनों में लगाकर पर्चियां बांटीं। पर्ची लेने के बाद किसान वापस डीलर की दुकान पर पहुंचे, जहां बिल लेकर लीलदा रोड स्थित गोदाम से उन्हें एक कट्टा यूरिया खाद मिला।
इस पूरी प्रक्रिया में किसानों को 2 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करनी पड़ी, कई किसान दुपहिया वाहनों पर तो कई पैदल ही पहुंचे। यूरिया की पर्याप्त आपूर्ति की मांग
किसान यूरिया खाद लेने के लिए अलसुबह ही कस्बे में पहुंच जाते हैं और डीलरों व सहकारी समितियों के चक्कर लगाते रहते हैं। जहां भी खाद आने की जानकारी मिलती है, वे तुरंत लाइनों में खड़े हो जाते हैं। हाथों में आधार कार्ड लिए किसान भूखे-प्यासे घंटों इंतजार करते हैं, लेकिन उन्हें पर्याप्त खाद नहीं मिल पा रहा है।
क्षेत्र में सरसों की फसल की सिंचाई के लिए यूरिया खाद की मांग तेजी से बढ़ रही है। किसानों ने सरकार से सहकारी समितियों के माध्यम से यूरिया खाद की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *