बूंदी में लापता युवक का शव नहर में मिला:पूजन सामग्री विसर्जन के दौरान पैर फिसलने से गिरने की आशंका, 15KM दूर मिला शव

बूंदी के केशोरायपाटन इलाके में एक लापता युवक का शव गुडली नहर से बरामद किया गया है। युवक बुधवार देर शाम पूजन सामग्री विसर्जित करने गया था, जिसके बाद वह लापता हो गया था। आशंका जताई जा रही है कि पैर फिसलने से वह नहर में गिर गया होगा। केशोरायपाटन पुलिस के अनुसार मूल रूप से हिंडोली इलाके के किशनगंज मोरला निवासी सुनील कुमार (20) पुत्र रमेश चंद मेघवंशी, वर्तमान में सीन्ता की धन लक्ष्मी कॉलोनी में रहता था। बुधवार रात घर से पूजन सामग्री विसर्जित करने के लिए निकला था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। गुरुवार सुबह लगभग चार बजे नहर के पास सुनील की बाइक खड़ी मिली। इसके बाद केशोरायपाटन पुलिस को सूचना दी गई, जिसने एसडीआरएफ की मदद से युवक की तलाश शुरू की। युवक का शव घटना स्थल से लगभग 15 किलोमीटर दूर गुडला रेलवे स्टेशन के पास नहर में मिला। पुलिस ने प्रथम दृष्टया इसे पैर फिसलने से नहर में गिरने का मामला माना है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। मृतक सुनील के पिता होम गार्ड हैं और सीन्ता में रहते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *