करौली विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची को अपडेट और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नए बनाए गए मतदान केंद्रों के बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और सुपरवाइजरों को एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। यह प्रशिक्षण पंचायत समिति सभागार में आयोजित किया गया। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी एवं उपखंड अधिकारी प्रेमराज मीना ने प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बीएलओ चुनावी व्यवस्था की आधारशिला हैं। वे मतदाताओं और निर्वाचन तंत्र के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते हैं। उन्होंने जोर दिया कि यह अभियान लोकतंत्र को मजबूत करने का एक राष्ट्रीय प्रयास है, इसलिए प्रशिक्षण में बताई गई सभी प्रक्रियाओं को गंभीरता और निष्ठा से अपनाना आवश्यक है। पहले करौली विधानसभा क्षेत्र में कुल 258 मतदान केंद्र थे। हालांकि, निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 54 नए मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसके अतिरिक्त, 6 नए सुपरवाइजर सर्किल भी गठित किए गए हैं। प्रशिक्षण सत्र के दौरान निर्वाचन शाखा के प्रोग्रामर बुद्धिप्रकाश, निखिल खण्डेलवाल, विजय सिंह मीना और मनीष गुप्ता ने जानकारी दी। उन्होंने प्रोजेक्टर प्रेजेंटेशन के माध्यम से बीएलओ ऐप के संचालन, पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने, मतदाता विवरण में संशोधन, नजरी नक्शा तैयार करने और मतदान केंद्रों के अक्षांश-देशांतर अंकित करने की विस्तृत जानकारी दी। बीएलओ और सुपरवाइजर के दायित्वों पर भी प्रकाश डाला गया। साथ ही, विभिन्न प्रारूपों को ऑफलाइन भरने और अभिलेखों के रखरखाव की प्रक्रिया भी समझाई गई। प्रशिक्षण में बताया गया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 16 दिसंबर को किया जा चुका है। इसमें अंतिम पुनरीक्षण वर्ष 2002 की मतदाता सूची से मैप किए गए मतदाताओं के नाम शामिल हैं। जिन मतदाताओं के नाम सूची में शामिल नहीं हो सके हैं, वे 15 जनवरी तक अपनी दावा–आपत्तियां प्रस्तुत कर सकते हैं। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 14 फरवरी को किया जाएगा। इसके अलावा अहर्ता तिथि 1 जनवरी 2026 के आधार पर तथा 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन भी भरवाए जाएंगे।प्रशिक्षण कार्यक्रम में राजेन्द्र दीवान, नन्द किशोर व्यास, पंकज शर्मा, धर्मेंद्र जोशी सहित नव नियुक्त बीएलओ एवं सुपरवाइजर मौजूद रहे।


