रामेष्ट युवा मंडल संस्थान ने गुरुवार को “स्वच्छ बूंदी-सुरक्षित विरासत” महाअभियान का शुभारंभ किया। इस अभियान की शुरुआत क्लीनअप वॉक और पोस्टर विमोचन के साथ हुई। इसका मुख्य उद्देश्य बूंदी को स्वच्छ, पॉलिथीन-मुक्त और कचरा-रहित बनाना है, साथ ही शहर की ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के प्रति नागरिकों में व्यापक जागरूकता लाना और स्वच्छता को जन आंदोलन का रूप देना है। कार्यक्रम में पूर्व विधायक अशोक डोगरा, सभापति सरोज अग्रवाल, पूर्व जिला अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल और भाजपा नेता भरत शर्मा सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता, मंडल सदस्य और युवा स्वयंसेवक मौजूद रहे। मंडल सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया और अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत की। इसके बाद अतिथियों ने अभियान का आधिकारिक पोस्टर जारी किया, जिसके माध्यम से स्वच्छता अपनाने, पॉलिथीन का उपयोग बंद करने और धरोहर संरक्षण में भागीदारी की अपील की गई। अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर क्लीनअप वॉक को रवाना किया। यह रैली गढ़ की पड़स से शुरू होकर सदर बाजार, चौगान गेट, इंद्रा मार्केट और कोटा रोड सहित विभिन्न मार्गों से गुजरी। इस दौरान युवाओं ने रास्ते में बिखरा प्लास्टिक, पॉलिथीन और सूखा कचरा एकत्र किया। रैली के प्रतिभागियों ने व्यापारियों और राहगीरों को स्वच्छता से संबंधित पैम्फलेट वितरित किए। उन्होंने दुकानदारों से अपनी दुकानों के बाहर गंदगी न फैलाने, नियमित रूप से कचरा गाड़ी में कचरा डालने और कचरा पात्र का उपयोग सुनिश्चित करने का आग्रह किया। क्लीनअप वॉक के समापन पर सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई, जिसमें शहर को स्वच्छ, सुंदर और पॉलिथीन-मुक्त बनाने तथा धरोहर स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया गया। मंडल सदस्यों ने बताया कि यह अभियान आगामी दिनों में विभिन्न वार्डों, बाजारों और पर्यटक स्थलों पर जारी रहेगा। अतिथियों ने नागरिकों से बूंदी की विरासत को स्वच्छ रखने में सक्रिय भूमिका निभाने और नगर को एक आदर्श स्वच्छता मॉडल बनाने में सहयोग करने की अपील की।


