मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी सत्य प्रकाश के नेतृत्व में शुक्रवार को समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों ने मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में एक घंटे तक श्रमदान किया। इस दौरान परिसर में पड़े कचरे, पॉलिथीन बैग और अन्य सामग्री को हटाकर कार्यालय को साफ-सुथरा किया गया। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के समस्त राजकीय कार्यालयों और राजकीय एवं निजी विद्यालयों में प्रति सप्ताह एक घंटा श्रमदान करने का आह्वान किया गया। इसका उद्देश्य सभी अधिकारी-कर्मचारियों और विद्यार्थियों को अपने स्कूल परिसर एवं कार्यालय को साफ-सुथरा रखने के लिए प्रेरित करना है। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी सत्य प्रकाश ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का स्वच्छता का जो सपना था, उसे हम सभी को अपनाना होगा। उन्होंने पूरे जिले के शिक्षा विभाग के कार्यालयों और विद्यालयों को हमेशा श्रमदान करते हुए साफ-सुथरा रखने तथा पॉलिथीन बैग का उपयोग न करने की अपील की। उन्होंने सभी कर्मचारियों से यह भी अपील की कि यह कार्यालय एवं स्कूल हमारी कर्मभूमि है। इसकी स्वच्छता बनाए रखना हमारा सर्वोपरि प्राथमिक दायित्व है, जिसका हमें हमेशा पालन करना चाहिए। श्रमदान के दौरान सहायक निदेशक धनराज मीणा, प्रशासनिक अधिकारी कमलनयन मीना, संस्थापक अधिकारी मुकेश कांत कोठारी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।


