भास्कर न्यूज | अमृतसर वरिष्ठ भाजपा नेता तरनजीत सिंह संधू के प्रयासों से वार्ड नंबर 6 की निरंकारी कॉलोनी, फतेहगढ़ चूड़ियां रोड की तस्वीर बदल गई है। फिनिलूप कंपनी द्वारा चलाए गए सफाई एवं सौंदर्यीकरण अभियान का पहला चरण पूरा होने पर संधू ने शुक्रवार को कॉलोनी के नव-निर्मित पार्क का लोकार्पण किया। भाजपा नेता तरनजीत सिंह संधू ने कहा कि पिछले एक माह से चल रहे सफाई और सौंदर्यकरण कार्यों ने कॉलोनी की पूरी तस्वीर बदलकर रख दी है। विशेष रूप से कॉलोनी के पार्क को ‘वेस्ट टू वंडर’ के तहत बेकार पड़ी वस्तुओं का रचनात्मक उपयोग कर बच्चों के खेलने, बैठने और पौधारोपण के लिए आकर्षक व उपयोगी रूप दिया गया है, जो अन्य क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण बन चुका है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पार्षद अमन ऐरी ने कहा कि बिना किसी सरकारी सहायता के फिनिलूप कंपनी और क्षेत्रवासियों के सामूहिक सहयोग से कॉलोनी को स्वच्छ और सुंदर स्वरूप देना एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने इस उल्लेखनीय कार्य के लिए संधू और उनकी पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। संधू ने पार्षद अमन ऐरी के प्रयासों, निष्ठा और सक्रिय भूमिका की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि यह स्वच्छता और सौंदर्यकरण अभियान आगे भी वार्ड नंबर 6 में निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह वार्ड पूरे अमृतसर के लिए एक आदर्श मॉडल बनेगा और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वच्छ भारत’ संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस मौके पर पार्षद अमन ऐरी के अलावा राकेश मरवाहा, दीपक ग्रोवर, सुमन ग्रोवर, रवि अरोड़ा, वालिया जी, अनवर कथूरिया सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और इलाका निवासी विशेष रूप से उपस्थित रहे।


