बेखौफ बना रहे थे अवैध कॉलोनी, 2 स्थानों पर रोड उखाड़ी, नालियां तोड़ीं, निर्माण रोका

भास्कर न्यूज | राजनांदगांव शहर में बगैर परमिशन के कॉलोनियों का विस्तार किया जा रहा है। लगातार शिकायतों के बाद जिला प्रशासन और नगर निगम की टीम ने रविवार को दो स्थानों पर एक्शन लिया। बाकायदा बेखौफ अवैध रूप से कॉलोनियों का निर्माण किया जा रहा था। इन स्थानों पर सड़कें उखाड़ी गईं। वहां चल रहे निर्माण कार्य को रोका गया और नालियों को बुलडोजर से क्षतिग्रस्त किया गया। प्रशासन के द्वारा अवैध प्लाटिंग एवं शासकीय भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के विरूद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। रविवार की सुबह एसडीएम राजनांदगांव गौतम पाटिल की टीम इन स्थानों पर पहुंची तो देखा कि यहां बाकायदा रोड का निर्माण कर दिया गया है। साइड में नालियां भी बनाई जा रही हैं। प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर लखोली क्षेत्र और प्रेस क्लब के पीछे चल रही लगभग 30 एकड़ पर अवैध रूप से की जा रही प्लाटिंग तथा शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण को चिन्हित करते हुए जेसीबी मशीनों एवं अन्य संसाधनों की सहायता से उन्हें हटाया। यहां करीब 30 एकड़ क्षेत्र में अवैध रूप से कॉलोनी का निर्माण करने प्लाटिंग की जा रही है। इस पर सख्ती बरती गई और जेसीबी मशीन से निर्माण हटाया गया। यहां खसरा नंबर 517/ 1 रकबा के 0.693 हेक्टेयर, संतोषी नगर लखोली स्थित खसरा नंबर 675/1 रकबा के 0.102 हेक्टेयर, रायपुर नाका लखोली स्थित खसरा नंबर 71/9 रकबा के 0.179 हेक्टेयर, खसरा नंबर 71/28 रकबा 0.202 हेक्टेयर, खसरा नंबर 71/8 रकबा 0.179 हेक्टेयर, खसरा नंबर 71 / 27 रकबा 0.202 हेक्टेयर से अवैध प्लाटिंग एवं अतिक्रमण को हटाया गया। इस दौरान अवैध प्लाटिंग एवं अतिक्रमण करने वालों को भविष्य में शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या अवैध निर्माण नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई। कहा कि आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। जारी रहेगी कार्रवाई ^ जिले में अवैध प्लाटिंग करने वालों और भूमि पर अतिक्रमण करने वालों के विरूद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। बगैर परमिशन के निर्माण कराए जाने वालों पर सख्ती बरती जा रही है। – जितेंद्र यादव, कलेक्टर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *