बेटा न होने के ताने से परेशान विवाहिता ने की आत्महत्या, पति गिरफ्तार किया

लुधियाना| पति की प्रताड़ना से तंग आकर एक 30 वर्षीय विवाहिता द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान पिंकी रानी के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार पिंकी रानी की शादी 2 अक्तूबर 2016 को प्रभात नगर निवासी कुलविंदर सिंह के साथ हुई थी। शादी के बाद दंपति के घर दो बेटियों का जन्म हुआ। आरोप है कि बेटा न होने के कारण कुलविंदर सिंह अक्सर पिंकी रानी को ताने देता था और मानसिक रूप से परेशान करता था। मृतका के भाई नरिंदर सिंह, निवासी हिम्मत सिंह नगर ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसकी बहन पिछले कुछ समय से काफी परेशान रहती थी। उसने कई बार परिवार को बताया था कि उसका पति बेटे की चाह में उसे प्रताड़ित करता है, जिसके कारण घर में अक्सर झगड़ा होता था। पुलिस के अनुसार 3 मार्च को पिंकी रानी ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना डिवीजन नंबर-6 की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मृतका के भाई के बयान के आधार पर आरोपी पति कुलविंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे जांच की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *