बेटा न होने पर बाप ने ही अपनी दूध मुंही बच्ची से मां का साया छीन लिया। आरोपी ने गला दबाकर अपनी प की हत्या कर डाली। इसके बाद उसने ड्रामा रचा और पत्नी की पेट की बीमारी के कारण मौत होने का शोर मचाया। लेकिन मृतक के भाई को आरोपी पर शक हुआ और उसने इस बारे में पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद थाना जमालपुर की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जब जांच की तो महिला के गर्दन पर दबाए जाने के निशान मिले। इस पर पुलिस ने आरोपी को काबू कर शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल मोर्चरी में पहुंचाया। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम होगा। मृतक का नाम प्रियंका(20) है। वह मूल रूप से बिहार के रहने वाली थी। जानकारी के मुताबिक प्रियंका की शादी आरोपी अमित से हुई थी। 6 महीने पहले ही अमित अपनी पत्नी प्रियंका के साथ ताजपुर रोड पर हुंदल चौक के निकट किराए पर रहने आया है। आरोपी अमित चंडीगढ़ में एक बोतल बंद कंपनी की लुधियाना ब्रांच में काम करता है। बुधवार रात को तकरीबन 12 बजे अमित ने पत्नी की तबीयत खराब होने का शोर मचाया। पड़ोसियों ने जब पूछा तो उसने कहा कि प्रियंका को पेट दर्द हुआ है और वह बेसुध हो गई है। इसके बाद वह वहां नजदीक ही एक डॉक्टर को घर ले आया। जब डॉक्टर ने चैक किया तो प्रियंका की मौत हो चुकी थी। मृतक प्रियंका का भाई त्रिभुवन भी वहां से कुछ दूर अपने परिवार के साथ रहता है। वीरवार सुबह त्रिभुवन व उसका परिवार सूचना मिलने पर प्रियंका के घर गए। त्रिभुवन ने बताया कि उसे एक पड़ोसी ने बताया कि रात तकरीबन 8 बजे वह ड्यूटी पर गया था। फैक्ट्री में मोबाइल ले जाने की इजाजत नहीं है, इसलिए वह प्रियंका को अपना मोबाइल दे गया। उस समय प्रियंका बिलकुल ठीक थी। मृतका के गले पर निशान मिले, आरोपी ने हत्या की बात कबूली प्रियंका के भाई त्रिभुवन ने बताया कि डेढ़ महीना पहले उसकी बहन को बेटी हुई थी। अमित बेटा चाहता था। बेटी होने के बाद वह प्रियंका से क्लेश करने लगा। कुछ दिन पहले भी इसी बात को लेकर अमित ने प्रियंका को पीटा था। पड़ोसियों ने बताया कि बुधवार रात को भी उनके घर से झगड़े की आवाजें आ रहीं थी। त्रिभुवन ने बताया कि उसे शक हुआ और उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जब शव की जांच की तो प्रियंका के गले पर निशान मिले। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने ही प्रियंका की गला घोंटकर हत्या की है। थाना जमालपुर के इंचार्ज कुलबीर सिंह का कहना है कि शुक्रवार को पुलिस प्रियंका के शव का पोस्टमार्टम करवाएगी। मासूम को क्या पता कि उससे मां की गोद सदा के लिए छिन गई है। मां के दूध के लिए बिलखती मासूम लगातार रो रही है। अब मौसी ही मां बनकर मासूम को संभाल रही है। लेकिन बच्ची कुछ देर चुप रहती है, इसके बाद फिर बिलखने लगती है।


