बाइक पर घर जा रहे हिस्ट्रीशीटर के साथ मारपीट कर पेट्रोल डालकर जलाने का मामला सामने आया है। घायल हालात में एम्बुलेंस से बाड़मेर हॉस्पिटल लाया गया। वहां पर हिस्ट्रीशीटर का इलाज चल रहा है। घटना बाड़मेर ग्रामीण थाने के असाड़ा की बेरी जसाई गांव रात करीब 9 बजे की है। सूचना मिलने पर ग्रामीण थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल का मेडिकल करवाकर आरोपियों की तलाश की जा रही है। जलाने के पीछे दोनों के बीच पुरानी रंजिश सामने आई है। जसाई असाड़ा बेरी गांव निवासी दलाराम पुत्र सुरताराम का आरोप है कि सोमवार रात को देरासर गांव से बाइक पर अपने गांव जा रहा था। इस दौरान करीब 9 बजे गांव से कुछ दूर सुनसान जगह पर जगदीश और उसके अन्य साथियों ने रुकवाकर लाठियों से हमला कर दिया। फिर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। मैंने अपने जैकेट व शर्ट को उतारकर फेंका। परिवार वालों को फोन करके बुलाया। सूचना मिलने पर एंबुलेंस और ग्रामीण थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को एम्बुलेंस की मदद से बाड़मेर हॉस्पिटल पहुंचाया गया। वहां पर डॉक्टरों ने उसे भर्ती कर दिया गया। दलाराम का कहना है कि- कुछ माह पहले जगदीश ने मेरी बेटी के फोटो एडिट कर सोशल मीडिया पर डाल दिए थे। तब हमारी ओर से उससे समझाइश की गई। लेकिन माना नहीं और उल्टा धमकाने लगा। इसको लेकर पुलिस थाने में रिपोर्ट भी दी थी। लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। बाड़मेर ग्रामीण थाने के इंचार्ज विक्रमदान चारण का कहना है कि – सूचना मिलने पर मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की गई। वहीं घायल का हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। मेडिकल करवाया गया। रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है। वहीं आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश है। साथ ही दोनों पड़ोसी है। वहीं घायल दलाराम बाड़मेर ग्रामीण थाने का हिस्ट्रीशीटर है।


