मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र के भीर गांव में बेटे ने पैसों के विवाद को लेकर अपने 55 साल के पिता पर पत्थर से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में पिता नंदकुमार प्रजापति गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। घायल नंदकुमार प्रजापति ने शुक्रवार को घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस को बताया कि 2 अक्टूबर की देर रात उनके बेटे नरेश प्रजापति ने उनसे पैसों की मांग की थी। जब पिता ने पैसे देने से इनकार करते हुए बेटे को खुद मेहनत कर कमाने की सलाह दी, तो नरेश गुस्से में आ गया। गुस्से में उसने गाली-गलौज करते हुए पास पड़ा पत्थर उठाकर पिता की आंख के ऊपर दे मारा, जिससे पिता लहूलुहान हो गए। जान से मारने की धमकी देकर हुआ फरार शोर सुनकर नंदकुमार की पत्नी तिजिया प्रजापति और परिजन रामायण प्रजापति ने तुरंत बीच-बचाव किया। इसी दौरान, आरोपी बेटा नरेश प्रजापति धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। भागते समय उसने अपने पिता को धमकी दी, “आज तो बच गए, अगली बार जान से खत्म कर दूंगा।” गांव से थाने की दूरी और देर रात वाहन न मिलने के कारण घायल पिता तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं करा पाए थे। पहले उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जिसके बाद शुक्रवार को उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई। नईगढ़ी थाना प्रभारी जगदीश सिंह ठाकुर ने बताया कि फरियादी नंदकुमार प्रजापति के बयान के आधार पर आरोपी बेटे नरेश प्रजापति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।


