भिंड में एक युवक ने अपनी मां की फावड़े से हत्या कर दी। वह करीब 6 घंटे तक शव के पास बैठा रहा। इसके बाद उसने खुद ही परिजन को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस भी वहां पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। महिला की बेटी ने कहा कि भाई ने उसकी पत्नी के कारण मां को मार डाला। घटना मंगलवार सुबह लहार कस्बे के जमुहा गांव की है। लहार थाना प्रभारी रविंद्र शर्मा के मुताबिक सावित्री (60) पत्नी स्व. मंगल प्रसाद दौहरे और उसके इकलौते बेटे रामबाबू दौहरे के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। दरअसल, सात साल पहले रामबाबू की पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी और दूसरी शादी कर ली थी। रामबाबू इस बात के लिए अपनी मां को जिम्मेदार ठहराता था। इसी को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। रात भर मां-बेटे के बीच तीखी बहस
बीती रात भी मां-बेटे के बीच तीखी बहस हुई, जो तड़के 3-4 बजे तक जारी रही। इसी दौरान गुस्से में आकर रामबाबू ने अपनी मां पर फावड़े से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दोपहर में उसने चाचा बुधु सिंह जाटव को इसकी जानकारी दी। पत्नी ने कर ली है दूसरी शादी
मृतका की बेटी और दामाद का आरोप है कि रामबाबू ने अपनी पत्नी के कारण मां की हत्या की। वह अब भी अपनी पत्नी को पैसे भेजता था, जबकि उसकी पत्नी दूसरी शादी कर चुकी है और उसके तीन बच्चे भी हैं। इसी को लेकर मां विरोध करती थी, जिससे नाराज होकर बेटे ने यह खौफनाक कदम उठाया। आरोपी बोला- मां गालियां देती थी
फिलहाल, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि मां उसे गालियां देती थी, जिससे गुस्से में आकर उसने हत्या कर दी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। शव का पोस्टमॉर्टम कराकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है।


