मोरहाबादी के बोड़ेया रोड स्थित एक फ्लैट के बाहर रविवार की सुबह महिला को मुसीबत में फंसने का अंदेशा जताकर दो ठगों ने पहले झांसे में लिया आैर फिर गले व उंगली से चेन-अंगूठी उतरवा कर ले भागे। पीड़िता जब अपने फ्लैट में पहुंची तो पता चला कि वह ठगी की शिकार हो गई है। इसके बाद पूरी घटना की जानकारी अपने पति शंभु शरण को दी। तब बरियातू थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। पीड़िता ने पुलिस को बताया है कि वह बाजार से अपने फ्लैट में लौट रही थी। दो लोगों ने उन्हें एड्रेस पूछने के बहाने रोका। इसी दौरान एक ठग बेटे पर मुसीबत आने का अंदेशा जताकर टोटका करने को कहा। ठग की बातों में आकर वह तैयार हो गई। इसके बाद आरोपी महिला के गले से चेन व हाथ से अंगूठी उतरवा कर अपने पास रख लिया आैर बिना पीछे देखे 20 कदम आगे जाने को कहा। इसके बाद दोनों फरार हो गए। सीसीटीवी में दिख रहे दोनों ठग। 4 दिन पहले भी दो जगह ऐसे ही हुई जेवरात की ठगी 26 दिसंबर को भी शहर के दो अलग-अलग जगहों पर महिलाओं को टारगेट करते हुए जेवरात की ठगी हो चुकी है। पत्थरकोचा स्थित बाइपास रोड में एक महिला से सुरक्षा का हवाला देकर जेवरात खुलवा लिए और कागज में लपेट कर कांच की चूड़ी थमा दी। वहीं दूसरी महिला को जीवन की परेशानी दूर करने का झांसा देकर मोरहाबादी में गले व हाथ से जेवरात उतरवाया आैर 20 कदम बिना पीछे देखे आगे जाने को कहा। महिला जैसे ही आगे बढ़ी, पीछे से जेवर लेकर फरार हो गया।


