भास्कर न्यूज | दोरनापाल सुकमा जिले के कोंटा ब्लॉक के जगरगुंडा क्षेत्र के बेनपल्ली में साम्य भूमि फाउंडेशन व स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने एक दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इसमें गर्भवती महिलाओं की 4 जांच के बारे में बताने के साथ ही खान-पान व साफ-सफाई, पोषक महिलाओं को ऊपरी आहार, किशोरी बालिकाओं व दाई माताओं को साफ-सफाई व स्वच्छता, स्कूली बच्चों को हाथ धुलाई के 6 चरणों सहित स्वच्छता से जुड़े अन्य बिंदुओं की जानकारी देकर उन्हें जागरूक किया गया। इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा कॉर्नर के तहत आधार, आयुष्मान कार्ड बनाने के साथ ही बैंक खाता भी खोले गए। शिविर में कुल 369 ग्रामीण पहुंचे, जिनमें 6 गर्भवती महिलाएं, 8 शिशुवती महिलाएं, 5 कुपोषित बच्चे, 29 किशोरी बालिकाएं शामिल हुए। वहीं ओपीडी में 187 ग्रामीणों की जांच की गई, जिसमें 82 की मलेरिया जांच की गई। इसमें 11 ग्रामीण मलेरिया पॉजिटिव मिले। वहीं 2 को उल्टी, 15 को बुखार, 5 को कमजोरी, 7 को सिरदर्द, 5 को कमरदर्द, 5 को आंखों की समस्या, 6 को खुजली सहित अन्य बीमारियां मिली। वहीं 40 ग्रामीणों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए और 21 के बैंक खाते भी खोले गए।


