बेनूर| नारायणपुर जिले के बेनूर धान उपार्जन केंद्र में किसान बड़ी संख्या में धान बेचने आ रहे हैं और धान खरीदने के लिए जगह चयनित नहीं किया गया है। अभी धान खरीदी का कार्य बाजार स्थल पर किया जा रहा है। अब बाजार स्थल पर धान खरीदी के लिए जगह भी कम पड़ रही है ऐसे में आने वाले दिनों में धान खरीदी करने के लिए जगह नहीं होने से धान खरीदी प्रभावित हो सकती है। धान खरीदी प्रभारी का कहना है कि इस जगह पर धान खरीदी करने के लिए जगह कम पड़ती है इस संबंध में जिले के अधिकारियों को भी बताया है लेकिन किसी के द्वारा ध्यान ही नहीं दिया जा रहा है। बेनूर धान उपार्जन केंद्र में अब तक कुल 10325 क्विंटल धान की खरीदी हो चुकी है और धान का उठाव भी नहीं किया जा रहा है। आये दिन ट्रैक्टरों में भारी मात्रा में धान बेचने किसान पहुंच रहे हैं व पीडीएस बारदाने की कमी भी हो रही है। इस ओर जिले के अधिकारियों द्वारा ध्यान ही नहीं दिया जा रहा है।


