अमृतसर| बैंक ऑफ बड़ौदा, लुधियाना अंचल ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर पंजाब में दो ऑल वुमन शाखाओं का उद्घाटन किया। पहली शाखा वीआईपी रोड, जीरकपुर में और दूसरी ईस्ट मोहन नगर अमृतसर में खोली गई। इन शाखाओं का संचालन पूरी तरह महिला स्टाफ द्वारा किया जाएगा, जिससे महिला ग्राहकों को बेहतर बैंकिंग अनुभव मिलेगा। ईस्ट मोहन नगर, अमृतसर शाखा का उद्घाटन डिप्टी कमिश्नर अमृतसर साक्षी साहनी ने किया। वीआईपी रोड, जीरकपुर शाखा का उद्घाटन कर्नल नूतन चिल्लर, कमांडेंट, सप्लाई डिपो, चंडीगढ़ ने किया। इन शाखाओं में महिला उद्यमियों और पेशेवरों के लिए विशेष बैंकिंग सेवाएं, वित्तीय मार्गदर्शन और आसान ऋण सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। बैंक ऑफ बड़ौदा, लुधियाना अंचल के अंचल प्रमुख हरदीप सिंह ने कहा कि यह पहल महिलाओं की वित्तीय स्वतंत्रता को बढ़ावा देगी। इस मौके पर अमृतसर क्षेत्र के सहायक महाप्रबंधक एवं क्षेत्रीय प्रमुख सनी चावला और जालंधर क्षेत्र के सहायक महाप्रबंधक देव राज बंसवाल भी मौजूद रहे।


