बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा से म्यूल अकाउंट के ट्रांजेक्शन खंगालने पर मिला सुराग

भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा से म्यूल अकाउंट के ट्रांजेक्शन डिटेल खंगालने पर साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया। मामले में पुलिस ने 5 खाता धारकों को गिरफ्तार किया है। इन खातों में अलग-अलग राज्यों से ठगी की रकम जमा की थी। आरोपी जानते थे कि यह रकम बेईमानी और धोखाधड़ी से हासिल की गई है। इसके बावजूद उन्होंने अपने खाते साइबर अपराधियों को सौंप दिए। 28 मार्च 2025 को एएसपी पंकज पटेल को साइबर सेल की रिपोर्ट मिली थी। रिपोर्ट में 14 म्यूल अकाउंट की जानकारी दी थी। जांच में सामने आया कि इन खातों का इस्तेमाल ठगी की रकम को छिपाने और खर्च करने में किया गया। पुलिस ने 14 खाता धारकों के खिलाफ केस दर्ज किया। इधर, एसपी रवि कुमार कुर्रे के निर्देश पर थाना स्तर पर टीम बनाई गई। पूछताछ में आरोपी अक्षय कुमार सोनवानी, सुदामा चिकनजूरी, परमेश्वर कुमार कुर्रे, समय लाल अगरिया और सोनू कुमार कसेर ने स्वीकार किया कि उन्होंने पैसों के बदले बैंक खाता खोलकर पासबुक और एटीएम कार्ड अन्य लोगों को सौंपे थे। सभी आरोपियों को 24 अप्रैल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। पुलिस अब अन्य खाता धारकों और इन खातों का उपयोग करने वाले आरोपियों की तलाश में जुटी है। इस कार्रवाई में उनि अंगलो दास, ओम प्रकाश राजवाड़े, भानु प्रताप सिंह, महेन्द्रपुरी, नारायण नायक समेत भगवान दास सक्रिय रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *