जिला सहकारी बैंक पैसा निकालने आए ग्रामीण से बाइक सवार युवकों ने 30 हजार रुपए लूट लिया और भाग निकले। युवकों ने चेंज मांगने के बहाने ग्रामीण को झांसे में लिया। पुलिस युवकों की शिनाख्त के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। घटना लखनपुर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, लखनपुर के पैलेस रोड स्थित जिला सहकारी बैंक में शुक्रवार को प्रेम शंकर (45) निवासी ग्राम लब्जी जामा अपने पैसे निकालने पहुंचा था। प्रेम शंकर ने समर्थन मूल्य पर धान बेचा था, जिसकी राशि सहकारी बैंक में जमा थी। उसने दोपहर में जिला सहकारी बैंक लखनपुर में 30 हजार रुपए निकाले और बाहर निकाला। चेंज मांगने के बहाने साथ ले जाकर लूटा बैंक के बाहर खड़े बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे चेंज पैसे की जरूरत बता रोका और उसे मोटरसाइकिल में बैठाकर नेशनल हाईवे 130 में चंदनई नदी के पास ले गए। युवकों ने उससे 500 का चेंज मांगा। इसी दौरान पॉकेट में रखे 30000 रुपए लूट लिया और ग्रामीण को मोटरसाइकिल में बैठाकर कपड़े में बंधे ईट पत्थर को पकड़ाकर उसे वार्ड क्रमांक 4 तालाब के पास लाकर छोड़ दिया और फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस पीड़ित प्रेम शंकर ने घटना की सूचना लखनपुर थाने में दी। लखनपुर पुलिस जिला सहकारी बैंक पहुंची। पुलिस बैंक के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। सीसीटीवी फुटेज से मिले सुराग के आधार पर पुलिस बाइक सवार बदमाशों की तलाश में जुटी है। हालांकि बदमाशों का सुराग नहीं मिला है। एक दिन पूर्व सीतापुर में हुई थी लूट गुरुवार को सीतापुर सहकारी बैंक से पैसा निकाल कर पड़ोसी के साथ लौट रही महिला का पीछा कर बाइक सवार नकाबपोश युवकों ने 23 हजार रुपए लूट लिया था। युवकों ने बाइक को धक्का देकर गिरा दिया था, जिससे बाइक चालक एवं महिला को चोट भी आई थी। आरोपियों का सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को मिला है, लेकिन उनका सुराग नहीं मिल सका है।


