भास्कर न्यूज | लुधियाना इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एजुकेशन एंड रिसर्च(आईसर) में 2025 में प्रवेश प्रक्रिया का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। इसके लिए यूजी कोर्सेस में बैचलर और मास्टर ऑफ साइंस के ड्यूल डिग्री प्रोग्राम, बीटेक और बीएस डिग्री प्रोग्राम में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया 5 मार्च से शुरू हो जाएगी। इसके लिए आयोजित होने वाले आइसर एप्टीट्यूड टेस्ट(आईएटी) का आयोजन 25 मई को होगा। देशभर में स्थापित सात आइसर में दाखिले के लिए यह एंट्रेंस टेस्ट होगा। इस टेस्ट के जरिए 2300 से ज्यादा सीट पर दाखिला मिलेगा। इस टेस्ट के लिए उम्मीदवारों के पास बारहवीं साइंस स्ट्रीम में पास होनी चाहिए। इन कोर्स के लिए उम्मीदवार 1 अक्टूबर 2000 के बाद पैदा होना चाहिए। हालांकि रिजर्व्ड श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए पांच साल की राहत मिलेगी। बारहवीं में स्टूडेंट्स के पास बायोलॉजी, कैमिस्ट्री, मैथेमेटिक्स और फिजिक्स में से तीन विषय पढ़े होने जरुरी हैं। जनरल श्रेणी के लिए बारहवीं में न्यूनतम 60 फीसदी और रिजर्व्ड श्रेणी के लिए 55 फीसदी अंक होने जरुरी हैं। एंट्रेंस टेस्ट 25 मई को सुबह 9 बजे से देश भर में स्थापित होने वाले सेंटर्स में लिया जाएगा। बारहवीं में पढ़ रहे जिनका अभी रिजल्ट जारी नहीं हुआ है वो भी आईएटी 2025 के लिए अप्लाई कर सकते हैं। हालांकि उनका दाखिला न्यूनतम योग्यता को पूरा करने के नियम के आधार पर ही किया जाएगा। ओवरसीज सिटीजनशिप ऑफ इंडिया(ओसीआई), पर्सन ऑफ इंडियन ओरिजन(पीआईओ) और विदेशी स्टूडेंट्स अगर योग्यता के क्राइटेरिया को पूरा करते हैं तो वो भी आईएटी 2025 के लिए अपीयर हो सकते हैं। परीक्षा के लिए पिछले साल के पेपर भी अपलोड किए हैं। इस परीक्षा में शामिल होने के इच्छुक स्टूडेंट्स इन्हें देख सकते हैं। इसी के साथ छात्रों को एनसीईआरटी सिलेबस पर भी फोकस करना चाहिए। ऑफिशियल वेबसाइट पर विभिन्न विषयों से संबंधित सिलेबस भी अपलोड कर दिया गया है। आईएटी में पूछे जाने वाले प्रश्न एनसीईआरटी के सिलेबस पर आधारित रहेंगे। एक्सपर्ट्स के मुताबिक छात्रों को एनसीईआरटी की किताबों से भी पढ़ना चाहिए। जारी किए गए शेड्यूल के मुताबिक आवेदन प्रकिया 5 मार्च से शुरू होगी और उम्मीदवारों को आवेदन के लिए 15 अप्रैल तक का समय दिया गया है। वहीं, आवेदन फॉर्म में करेक्शन के लिए उम्मीदवार को 21-22 अप्रैल तक का समय दिया जाएगा। उम्मीदवारों को लिए एडमिट कार्ड 15 मई को जारी कर दिए जाएंगे और 25 मई को परीक्षा आयोजित की जाएगी। आवेदन के लिए जनरल, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के उम्मीदवारों को दो हजार,एससी, एसटी और पीडब्ल्यूडी श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए एक हजार रुपये की फीस रखी गई है। आइसर में दाखिले के लिए कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट होगा। इसमें 60 सवालों के जवाब देने होंगे। गलत जवाब पर नेगेटिव मार्किंग भी होगी। यह मल्टीपल चॉइस टाइप होंगे। इनमें से बायोलॉजी, केमिस्ट्री, मैथेमेटिक्स और फिजिक्स के 15-15 प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा की कुल अवधि 180 मिनट की होगी। प्रत्येक सही उत्तर पर चार अंक दिए जाएंगे गलत उत्तर का एक नंबर कटेगा। जिस प्रश्न का उत्तर नहीं दिया जाएगा, उसमें शून्य मिलेगा। आईएटी अधिकतम 240 नंबर का होगा। इस एडमिशन प्रोसेस में आइसर मोहाली, ब्रह्मपुर,भोपाल, कोलकाता, पुणे, तिरुपति, तिरुवनंतपुरम में एडमिशन मिलेगी। सभी आइसर में पांच साल के बीएस-एमएस प्रोग्राम चल रहे हैं। इसके अलावा बीएस इकोनॉमिक साइंसेस, इकोनॉमिक व स्टेटिस्टिकल साइंसेस, बीटेक में कैमिकल इंजीनियरिंग, डाटा साइंस व इंजीनियरिंग और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग व कंप्यूटर साइंस के कोर्स चल रहे हैं।


