प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भोपाल में पीसीसी की कोर टीम की मीटिंग में कहा- इस बात को सबको ध्यान में रखना चाहिए कि यदि कोई कार्यकर्ता आपके पास आता है तो उसे पूरा सम्मान दो, ताकि उसका समाज में सम्मान बढ़े। केवल नेताओं के सक्रिय होने से चुनाव नहीं जीता जा सकता। पार्टी को नीचे से सक्रिय करना पडे़गा।
पटवारी ने कहा- कोई किसी का करीबी हो सकता है लेकिन, सब मेरे हैं। अगर 2028 में हमें मप्र में कांग्रेस की सरकार बनाना है तो सबको जमीन पर जुटना होगा। जहां कमी और कमजोरी दिखे उसे आप खुद दूर करने की कोशिश करो। 7 दिन का दौरा बनाओ, होटल नहीं कार्यकर्ताओं के घर रुको
पटवारी ने बैठक में कहा- सभी पदाधिकारी सात-सात दिनों का दौरा कार्यक्रम बनाएं। जिले से लेकर ब्लॉक, मंडलम तक बैठक करो। काम करने वालों को जिम्मेदारियां दो, जो पद लेकर घर बैठे हैं, उनके बजाय काम करने के इच्छुक नौजवान कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जाए। जिले से लेकर विधानसभा, ब्लॉक स्तर के वरिष्ठ नेताओं की सलाह लें। जिला प्रभारियों के काम की निगरानी पूर्व मंत्री चौधरी राकेश सिंह चतुर्वेदी कर रहे हैं। सभी जिला प्रभारी राकेश चतुर्वेदी को टाइम से रिपोर्ट करें। जिला प्रभारी और पदाधिकारी जब भी दौरे पर जाएं तो होटल में रुकने के बजाय कार्यकर्ता के घर रुकें। बैठक में ये बातें भी कहीं पटवारी विंध्य तो सिंघार बुन्देलखंड के दौरे पर जाएंगे
इसी हफ्ते पीसीसी चीफ जीतू पटवारी विंध्य के दौरे पर जाएंगे। वहीं नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार बुन्देलखंड के दौरे पर जाएंगे। पीसीसी चीफ जीतू पटवारी 11 से 13 फरवरी तक डिंडोरी, अनूपपुर और शहडोल जिले के दौरे पर रहेंगे। वे इन जिलों के विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। पटवारी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 11 फरवरी को सुबह 5.30 बजे भोपाल से रवाना होकर 11.30 बजे डिंडोरी जिले के शहपुरा पहुंचेंगे। शहपुरा विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेसजनों के साथ बैठक करेंगें और पत्रकार साथियों से सामान्य चर्चा करेंगे। पटवारी उसी दिन अपरान्ह 4 बजे डिंडोरी विधानसभा में कांग्रेसजनों की बैठक लेंगे। रात्रि 8 बजे डिंडोरी से प्रस्थान कर रात्रि 9.30 बजे अनूपपुर जिले के अमरकंटक पहुंचेंगे। वहीं रात्रि विश्राम करेंगे। पटवारी 12 फरवरी को सुबह अमरकंटक से रवाना होकर 11 बजे पुष्पराजगढ़ पहुंचकर कांग्रेसजनों की बैठक लेंगे। शाम 4 बजे अनूपपुर में कांग्रेसजनों के साथ बैठक करने के बाद वहीं रात्रि विश्राम करेंगे।
पटवारी 13 फरवरी को सुबह 10 बजे अनूपपुर में पत्रकार वार्ता को संबोधित करेंगे। दोपहर 12 बजे कोतमा पहुंचकर वहां विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेसजनों की बैठक लेंगे। कोतमा से रवाना होकर शाम 4 बजे शहडोल पहुंचेंगे और वहां पत्रकारों से सामान्य चर्चा करने के बाद शाम 4.30 बजे शहडोल में जयसिंह नगर विधानसभा के कांग्रेसजनों के साथ बैठक करेंगे। रात 8 बजे शहडोल से रवाना होकर रात 10 बजे कटनी पहुंचेंगे और वहां से रेवांचल एक्सप्रेस द्वारा भोपाल के लिए रवाना होंगे।


