बैतूल एकेडमी ने कनारा को 103 रनों से हराकर जीता मैच

भास्कर संवाददाता | बैतूल बैतूल एकेडमी और शिवाजी क्लब के तत्वावधान में आयोजित स्व. विजय कुमार खंडेलवाल स्मृति टी-20 वाइट बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट में मंगलवार को प्रतिस्पर्धा से भरा हुआ रहा। टूर्नामेंट अध्यक्ष रानू वर्मा ने बताया पहला मैच बैतूल एकेडमी और कनारा क्रिकेट क्लब विदिशा के बीच खेला गया। टॉस जीतकर विदिशा की टीम ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया, लेकिन बैतूल एकेडमी के बल्लेबाजों ने धुआंधार प्रदर्शन करते हुए निर्धारित 18 ओवर में 248 रन बनाए। टीम की ओर से सूरज राये और रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी अर्पित गौड़ ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 70-70 रनों की बेहतरीन पारी खेली। 248 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी कनारा क्रिकेट क्लब विदिशा की टीम शुरुआत से ही दबाव में आ गई और कोई भी बल्लेबाज टिककर नहीं खेल पाया। पूरी टीम 145 रन पर ढेर हो गई। इस मुकाबले में सूरज राये को मैन ऑफ द मैच घोषित किया। दूसरा मुकाबला क्रिस्टन क्लब इंदौर और जिमखाना नागपुर के बीच खेला। जिमखाना नागपुर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और निर्धारित 18 ओवर में 135 रन का स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी क्रिस्टन क्लब इंदौर की टीम 104 रन पर सिमट गई। बुधवार को बैतूल एकेडमी और जिमखाना नागपुर आमने-सामने होंगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *