बैतूल के आमला में होगा 30 फीट रावण दहन:50 साल पुरानी परंपरा निभाएंगे युवा; पुलिस ने किए कड़े सुरक्षा इंतजाम

बैतूल के आमला में विजयदशमी पर्व पर रामराज्य उत्सव समिति द्वारा इस बार भी भव्य आयोजन किया जाएगा। बोडखी बाजार स्थित दशहरा मैदान में 30 फीट ऊंचे रावण का दहन होगा। आयोजन को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं, जिसमें भीड़ नियंत्रण को प्राथमिकता दी गई है। गुरुवार को पूरे मैदान में बैरिकेड लगाए जा रहे हैं, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। सुरक्षा की दृष्टि से आम लोगों का सीधा प्रवेश रावण दहन स्थल तक प्रतिबंधित रहेगा। मैदान के चारों ओर पुलिस बल तैनात रहेगा और भीड़ को सुरक्षित दूरी से ही दृश्य दिखाया जाएगा। बच्चों और बुजुर्गों के लिए अलग से दर्शक स्थल बनाए गए हैं। आयोजन की शुरुआत शाम 7 बजे होगी, जब मां दुर्गा विसर्जन का चल समारोह पंडाल से निकलेगा। शोभायात्रा में राम, लक्ष्मण और सीता की आकर्षक झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। झांकियों के साथ बैंड-बाजा, पारंपरिक वाद्ययंत्र और स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। यह यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरेगी, जहां हजारों की भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। शोभायात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर रोशनी की विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालु आसानी से दर्शन कर सकें। कई जगहों पर स्वागत द्वार बनाए गए हैं और फूल वर्षा से राम दरबार का अभिनंदन किया जाएगा। यात्रा दशहरा मैदान पहुंचने के बाद रावण दहन के कार्यक्रम से जुड़ेगी। 50 वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ा रहे युवा
रामराज्य उत्सव समिति पिछले 50 वर्षों से इस आयोजन को निरंतर कर रही है। इस परंपरा को अब समिति के युवा बड़े उत्साह के साथ आगे बढ़ा रहे हैं। नगर पालिका की ओर से दशहरा मैदान में विशेष सफाई अभियान चलाया गया है और जगह-जगह हाई पावर लाइट लगाई गई हैं। फायर ब्रिगेड की व्यवस्था भी मौके पर रहेगी ताकि किसी प्रकार की आपात स्थिति से निपटा जा सके। चौकी प्रभारी अमित पंवार ने बताया कि भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। समिति अध्यक्ष प्रमोद हरोड़े ने कहा कि रावण दहन और राम-रावण युद्ध को देखने के लिए हर साल करीब 10 हजार लोग दशहरा मैदान में जुटते हैं। आतिशबाजी और धार्मिक माहौल में होगा रावण दहन
शोभायात्रा के मैदान में पहुंचने के बाद रावण दहन किया जाएगा। जैसे ही अग्नि प्रज्ज्वलित होगी, 30 फिट का रावण आतिशबाजी और पटाखों के धमाकों के बीच ध्वस्त होगा। इस दौरान ‘जय श्रीराम’ के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठेगा। मंच पर धार्मिक अतिथि वायुसेना के एयरकमाडोर महेश इमी, विधायक योगेश पण्डाग्रे, विजयादशमी का महत्व बताएंगे। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि यह आयोजन केवल रावण दहन का प्रतीक नहीं है, बल्कि बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश देने वाला पर्व है। रावण दहन के बाद आकाश में रंग-बिरंगी आतिशबाजी छोड़ी जाएगी, जिससे वातावरण उत्सवमयी हो जाएगा। आयोजन के अंत में श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी वितरण की व्यवस्था भी की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *